जॉट के अलावा इन फिल्मों में नजर आएंगे सनी देओल
- फोटो : इंस्टाग्राम@iamsunnydeol
अपने एक्शन से दुश्मनों के छक्के छुड़ाने वाले अभिनेता सनी देओल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘जाट’ को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं। ‘जाट’ में भी सनी देओल जबरदस्त एक्शन करते नजर आने वाले हैं। फिल्म के टीजर और अभिनेताओं के लुक को देखकर ये मालूम पड़ता है कि फिल्म जबरदस्त एक्शन से भरपूर होने वाली है। सनी देओल लगातार ही एक्शन फिल्म कर रहे हैं, जाट के अलावा वो ‘बॉर्डर 2’ में भी एक्शन करते दिखेंगे। हालांकि, अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि सनी देओल जल्द ही एक्शन से हटकर एक मध्यम वर्गीय परिवार के व्यक्ति के किरदार में नजर आने वाले हैं।
मध्यम वर्गीय परिवार के व्यक्ति की कहानी दिखाएंगे सनी
मिड डे की एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, सनी देओल अब एक्शन से अलग एक फिल्म में सामान्य परिवार के सामान्य व्यक्ति की भूमिका में नजर आएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘सफर’ नाम की यह फिल्म एक पारिवारिक फिल्म हो सकती है, जिसमें सनी देओल एक्शन से इतर नजर आएंगे। ये भी जानकारी सामने आ रही है कि मेकर्स फिल्म को ओटीटी पर रिलीज करने का विचार बना रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में कोई एक्शन नहीं है। यह मध्यम आयु वर्ग के पारिवारिक व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे पता चलता है कि लोगों की मदद करके ही खुशी मिल सकती है और वह जीवन का सही अर्थ सीखता है।
यह खबर भी पढ़ें: Sky Force On Ott: ओटीटी पर रिलीज होने जा रही 'स्काई फोर्स', जानें कब और कहां देख सकेंगे फिल्म
फिल्म को थिएटर की जगह ओटीटी पर रिलीज करने की सोच रहे मेकर्स
रिपोर्ट में बताया गया है कि जब निर्माताओं ने इस फिल्म को लेकर सनी देओल से संपर्क किया तो उन्हें फिल्म की कहानी काफी पसंद आई और उन्होंने तुरंत ही इसके लिए हां कर दी। रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स फिल्म को थिएटर में रिलीज करने की बजाय, सीधे ओटीटी पर लाने का विचार कर रहे हैं। मेकर्स का मानना है कि एक मध्यम वर्गीय परिवार के इर्द-गिर्द घूमती फिल्म की कहानी को सिनेमाघरों की बजाय ओटीटी पर लाना ज्यादा उचित रहेगा। मेकर्स फिल्म को इस साल के अंत तक रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।
यह खबर भी पढ़ें: Anurag Kashyap: अनुराग कश्यप ने की ब्रिटिश शो ‘एडोलसेंस’ की तारीफ, नेटफ्लिक्स इंडिया को बताया भ्रष्ट और बेईमान
2024 में पूरी हो चुकी है शूटिंग
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ‘सफर’ की शूटिंग 2024 में पूरी हो चुकी है। फिल्म में सनी देओल के साथ सिमरन बग्गा और दर्शन जरीवाला जैसे सितारे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन शशांक उदयपुरकर ने किया है और इसका निर्माण विशाल राणा ने किया है।