फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अदनान सामी: गायक ने मुंबई एयरपोर्ट की प्रणाम सर्विस को लगाई फटकार, स्टाफ पर लगाए बदसलूकी के आरोप

Mon, 09 Nov 2026 02:01 PM IST
राजश्री वर्मा एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

  • अदनान सामी म्यूजिक इंडस्ट्री के जाने-माने सिंगर और म्यूजिशियन हैं।
  • उन्होंने 'तेरा चेहरा', 'कभी तो नजर मिलाओ' समेत कई हिट गाने दिए हैं।
  • अब गायक ने एक पोस्ट कर मुंबई एयरपोर्ट की सर्विस को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
विज्ञापन
अदनान सामी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बॉलीवुड में अपनी आवाज का जादू बिखेरने वाले मशहूर सिंगर अदनान सामी अक्सर अपने गानों को लेकर चर्चा में रहते हैं, लेकिन इस बार वह एक अलग वजह से सुर्खियों में हैं। दरअसल, सिंगर मुंबई एयरपोर्ट की सर्विस से इस कदर नाराज हो गए कि उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर कर दिया।
विज्ञापन


अदनान ने मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 की प्रणाम सर्विस के स्टाफ पर लापरवाही और बदसलूकी के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से इस सर्विस का इस्तेमाल करने के बावजूद उन्हें और उनकी टीम को इस बार बेहद खराब अनुभव से गुजरना पड़ा।
Trending Videos

अदनान सामी - फोटो : वीडियो ग्रैब
एयरपोर्ट पर रिसीव करने नहीं पहुंचा कोई स्टाफ
अदनान सामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट शेयर कर अपना पूरा अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि वह प्रणाम सर्विस का इस्तेमाल उसके शुरुआती दिनों से कर रहे हैं, लेकिन इस बार का अनुभव निराशाजनक रहा। सिंगर के मुताबिक, जब वह अपनी टीम के साथ एयरपोर्ट पहुंचे, तो उन्हें रिसीव करने के लिए वहां कोई स्टाफ मौजूद नहीं था, जबकि उनकी टीम को पहले ही फोन करके उनके आने की जानकारी कन्फर्म की गई थी।

अदनान सामी - फोटो : एक्स
क्या बोले अदनान सामी?
सिंगर ने एयर इंडिया की फ्लाइट में हुई देरी को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि उनकी फ्लाइट पांच घंटे लेट थी और प्रणाम सर्विस के स्टाफ को इसकी जानकारी पहले से थी। इसके बावजूद उन्हें इसकी सूचना तब दी गई, जब वह एंट्री सिक्योरिटी से गुजर चुके थे।

इस पर अदनान ने लिखा, 'हमारी फ्लाइट एयर इंडिया की वजह से पांच घंटे लेट हो गई (जो अपने आप में बेहद खराब बात थी!)। प्रणाम को इस बारे में पहले से पता था, लेकिन उन्होंने हमें इसकी जानकारी तब दी, जब हम एंट्री सिक्योरिटी से गुजर चुके थे। अगर उन्होंने हमें पहले बता दिया होता, तो हम इतनी जल्दी एयरपोर्ट आने से बच सकते थे और आराम से घर पर बैठकर इंतजार कर सकते थे। लेकिन उनकी लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये की वजह से हमें एयरपोर्ट पर लंबे और थका देने वाले इंतजार से गुजरना पड़ा।'

अदनान सामी - फोटो : इंस्टाग्राम
अदनान ने लगाए स्टाफ पर आरोप
अदनान ने उनके साथ तैनात महिला स्टाफ मेंबर के व्यवहार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वह लगातार अपने फोन में व्यस्त थी और जब उन्हें लाउंज से डिपार्चर गेट तक ले जाने का समय आया, तो वह खुद वहां नहीं पहुंची। इसके बजाय उसने उनके साथ एक पोर्टर को भेज दिया।

सिंगर के मुताबिक, पोर्टर को भी यह जानकारी नहीं थी कि संबंधित स्टाफ मेंबर कहां है। वह उन्हें बग्गी से डिपार्चर गेट तक लेकर गया और फिर स्टाफ मेंबर को तलाशने लगा। काफी देर बाद वह एक कोने में बैठकर फोन चलाती हुई मिली।

अदनान ने आगे बताया कि महिला स्टाफ मेंबर को भीड़भाड़ वाले डिपार्चर गेट से उन्हें निकालने का तरीका तक नहीं पता था, जबकि फर्स्ट और बिजनेस क्लास का हिस्सा लगभग खाली था। ऐसे में उन्हें और उनकी टीम को खुद ही भीड़ के बीच से रास्ता बनाना पड़ा। सिंगर ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने स्टाफ मेंबर से उसके व्यवहार को लेकर सवाल किया, तो उसने माफी मांगने के बजाय उनके साथ रूखे तरीके से बात की।

अदनान सामी - फोटो : एक्स
दूसरी बार झेलनी पड़ी ऐसी परेशानी
अदनान ने इस पूरे अनुभव को बेहद निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि प्रणाम सर्विस के साथ यह उनका दूसरा खराब अनुभव है। सिंगर ने सर्विस के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब ग्राहक इन सुविधाओं के लिए पैसे देते हैं, तो उन्हें सम्मान और प्रोफेशनल व्यवहार मिलना चाहिए।

उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, 'यह दूसरी बार है जब प्रणाम ने हमारे साथ खराब व्यवहार किया है। आप इन सर्विस के लिए पैसे लेते हैं और आपका एकाधिकार वाला रवैया बेहद घमंडी, परेशान करने वाला और हद से ज्यादा अपमानजनक है।'

अपनी शिकायत में अदनान ने मुंबई एयरपोर्ट के आधिकारिक एक्स अकाउंट, अडानी ग्रुप, गौतम अडानी और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया को भी टैग किया और इस मामले पर ध्यान देने की मांग की।

अदनान सामी - फोटो : इंस्टाग्राम: @adnansamiworld
चैटबॉट के जवाब से भी खुश नहीं हुए सिंगर
एयरपोर्ट स्टाफ के व्यवहार के अलावा अदनान ने शिकायत दर्ज कराने के बाद मिले जवाब पर भी नाराजगी जताई। दरअसल, मुंबई एयरपोर्ट के चैटबॉट से मिले जवाब को उन्होंने सामान्य और गैर-पेशेवर बताया। उन्हें इस बात पर भी आपत्ति थी कि चैटबॉट ने उन्हें अनौपचारिक अंदाज में संबोधित किया।

इस पर तंज कसते हुए सिंगर ने लिखा, 'अगर आप में खुद शिष्टाचार की कमी है, तो कम से कम अपने बॉट्स को तो ग्राहकों से औपचारिक तरीके से बात करना सिखाइए। क्या हम एक-दूसरे को पहले नाम से बुलाते हैं? सच में?' अपनी पोस्ट के आखिर में अदनान ने एयरपोर्ट के रवैये पर नाराजगी जताते हुए लिखा, 'कुछ तमीज और तहजीब सीखिए... हद है।'
 
विज्ञापन

अदनान सामी - फोटो : इंस्टाग्राम @adnansamiworld
इन गानों से मिली अदनान सामी को पहचान
बता दें कि अदनान सामी भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर और म्यूजिशियन हैं। उन्होंने अपने करियर में कई ऐसे गाने दिए हैं, जिन्हें आज भी खूब पसंद किया जाता है। इनमें 'तेरा चेहरा', 'कभी तो नजर मिलाओ', 'लिफ्ट करा दे', 'भर दो झोली मेरी', 'ऐ उड़ी उड़ी उड़ी' और 'इश्क तमाशा' जैसे गाने शामिल हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें