दादा साहब फाल्के पुरस्कार विजेता और दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान अपने जमाने की टॉप अभिनेत्रियों में से एक थीं। हाल ही में, इस साल मार्च में दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान ने अपनी यादगार चीजें फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन (एफएचएफ) को दान कर दी थी। अब साल खत्म होने से पहले एफएचएफ ने अभिनेत्री की तस्वीर साझा कर फिर से उस पाल के ताजा किया है। भारतीय सिनेमा में अपना अमूल्य योदगान देने के बाद वहीदा के इस काम की उनके फैंस खूब प्रशंसा भी कर रहे हैं।
एफएफएच ने पलों को किया ताजा
एफएफएच ने हाल ही में, एक पोस्ट साझा कर अभिनेत्री की दान करते वक्त कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों को साझा कर उन्होंने लिखा, 'जैसे-जैसे वर्ष 2024 समाप्त होने वाला है, एफएचएफ उस खूबसबरत दिन को याद करता है जब दादा साहब फाल्के पुरस्कार विजेता और दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान ने संरक्षण के लिए अपनी व्यक्तिगत यादगार वस्तुएं एफएचएफ को दान कर दी थीं।"
अभिनेत्री ने यह चीजें की थी दान
अभिनेत्री ने जो चीजें दान की थी, इनमें उनकी वो साड़ी है, जो वहीदा ने "सीआईडी" के प्रीमियर में पहनी थी और आज भी उनकी इस साड़ी की फैंस खूब प्रशंसा करते हैं। इसके साथ ही कुछ लॉबी कार्ड शामिल हैं, जो "चौदहवीं का चांद", "साहब बीबी और गुलाम" के हैं। अभिनेत्री ने कुछ फोटो एल्बम को भी संरक्षित करवाया है।
आने वाली पीढ़ी के लिए किया था दान
इन चीजों को दान करते वक्त अभिनेत्री ने कहा था, 'मैं अपनी यह यादगार चीजें फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन को दान कर रही हूं। मुझे लगता है कि यह वो मूल्यवान यादें हैं, जिन्हें सुरक्षित रखने की जरूरत है। इसके साथ यह आने वाली पीढ़ी के लिए भी कारगार है, उन लोगों के लिए, जिनकी रुचि भारतीय सिनेमा में हैं। वे इन चीजों के जरिए इसका इतिहास भी जान पाएंगे। मुझे उम्मीद है कि आप सभी इन एल्बमों को देखेंगे और इसका आनंद भी लेंगे।'