शुभचिंतकों का जताया आभार
मौसमी चटर्जी ने अपने पति के निधन के बाद प्राइवेसी की अपील करते हुए लोगों से अनुरोध किया है कि वे उन्हें और उनकी बेटी को इस कठिन समय से उबरने के लिए थोड़ा समय और स्पेस दें। सोशल मीडिया पर एक इमोशनल नोट साझा करते हुए अभिनेत्री ने अपने पति के निधन की पुष्टि की। साथ ही ऐसे वक्त में साथ खड़े रहने वाले फैंस और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया है।
मौसमी चटर्जी ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट
अभिनेत्री ने लिखा है, 'मेरे पति जयंत- जिन्हें उनके करीबी लोग प्यार से 'बाबू' कहकर बुलाते थे, अब हमारे बीच नहीं रहे। मेरी और मेरी बेटी की आपसे विनती है कि इस मुश्किल दौर में हमें थोड़ा समय और स्पेस दें। आपकी प्रार्थनाओं और साथ के लिए हम तहेदिल से आभारी हैं'। बता दें कि जयंत मुखर्जी ने 12 नवंबर को अंतिम सांस ली। मुंबई स्थित अपने आवास पर उम्र से जुड़ी बीमारियों के चलते उनका निधन हो गया।
आज रविवार को होगी प्रार्थना सभा
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) के अध्यक्ष बी.एन. तिवारी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान जयंत के निधन की पुष्टि करते हुए बताया था कि जयंत कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके निधन के बाद, उनकी बेटी मेघा ने एक बयान जारी कर बताया कि उनकी याद में 15 नवंबर को एक प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। यह प्रार्थना सभा आज रविवार को शाम 5:30 से 7:30 बजे तक होगी।
- अपने करीबियों के बीच 'बाबू' के नाम से मशहूर जयंत, प्रसिद्ध गायक और संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे।
- उन्होंने फिल्म और टेलीविजन निर्माता के रूप में मनोरंजन जगत में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी।
- वे 'मजाक' (1975) और 'दो लड़के दोनों कड़के' (1979) जैसी फिल्मों से जुड़े रहे।
- इसके अलावा, उन्होंने टेलीविजन धारावाहिक 'तलाश' (1992) में भी काम किया था।