जिया ने करण को फिर से किया फॉलो
जिया शंकर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने अपनी और करण धनक की कुछ बेहद रोमांटिक तस्वीरें साझा की हैं और एक लंबा नोट लिखा है। इस बीच देखा गया है कि जिया ने करण को इंस्टाग्राम पर भी फिर से फॉलो कर लिया है। जिया ने अपने इंस्टा पोस्ट में रिश्तों, जिंदगी और सुकून को लेकर बात की है।
बोलीं- 'हम परफेक्ट नहीं हैं'
जिया शंकर ने पोस्ट के साथ नोट लिखा है, 'अगर किसी ने आपको यह नहीं बताया कि जब आप साथ रहना सीख रहे होंगे तो जिंदगी कितनी मुश्किल हो जाएगी, तो मैं आपको बता दूं कि यह कोई बॉलीवुड फिल्म नहीं है। हम ज्यादातर कपल्स बहुत प्यार करते हैं, लेकिन कभी-कभी बहुत लड़ते भी हैं। हमारे बीच कुछ अलग बातें हैं और हम बस एक-दूसरे के लिए बेहतर बनना सीख रहे हैं। हम परफेक्ट नहीं हैं। हम बस इंसान हैं, जिन्हें प्यार हुआ और हमने एक-दूसरे को चुना'।
ब्रेकअप की अफवाहों को बताया बेबुनियाद
जिया ने आगे लिखा है, 'हम सबसे अच्छे दोस्त हैं और आखिर में बस यही उम्मीद करते हैं कि हम इसे समझ लें और इस जिंदगी में साथ आगे बढ़ें। अब से मैं अपने सोशल मीडिया पर जो कुछ भी शेयर करूंगी, उसमें ज्यादा सतर्क रहूंगी, ताकि किसी भी तरह की सोच या बेबुनियाद अफवाहों के लिए कोई जगह न बचे। लेकिन, मेरे मंगेतर या हमारे रिश्ते के बारे में जो कुछ भी कहा गया है, उसमें जरा भी सच्चाई नहीं है। चलो अब प्यार और करुणा के साथ आगे बढ़ते हैं। क्या हम ऐसा कर सकते हैं? मैं दुआ करती हूं कि आप सभी को मोहब्बत मिले और जिंदगी में सुकून मिले। उम्मीद है कि आपको वह प्यार मिले, जो आपके लिए एकदम सही हो।
कौन हैं करण धनक?
जिया शंकर चर्चित टेलीविजन अभिनत्री हैं। उन्हें 'मेरी हानिकारक बीवी', 'प्यार तूने क्या किया' और 'लाल इश्क' जैसे शो में देखा गया है। 'बिग बॉस ओटीटी' का भी वे हिस्सा रही हैं। वहीं, करण धनक अमेरिका में रहने वाले उद्यमी हैं। करण और जिया की सगाई इस साल अगस्त में हुई थी।