कंवरजीत ने क्यों कहा- 'मैं एक्टर नहीं हूं'
एक्टर कंवरजीत पेंटल को एक्टिंग जगत में पेंटल के नाम से जाना जाता है। हाल ही में मनमीत सिंह ने इंस्टाग्राम अकाउंट से पेंटल का एक वीडियो साझा किया है। इसमें वे मजाकिया अंदाज में बात करते दिख रहे हैं। मनमीत ने पेंटल से पूछा, 'क्या आप एक्टर हैं'? इस पर पेंटल कहते हैं, 'जी नहीं, मैं एक्टर नहीं हूं। इंस्टाग्राम पर मेरे फॉलोअर्स नहीं हैं, इसलिए मैं एक्टर नहीं हूं'।
'फॉलोअर्स बढ़ाओ, एक्टिंग की जरूरत नहीं'
इस पर मनमीत ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'क्या इसका मतलब यह है कि एक एक्टर माने जाने के लिए फॉलोअर्स बढ़ाना जरूरी है'? इस पर पेंटल ने भी सिर हिलाते हुए और हाथ जोड़कर जवाब दिया। इसका मतलब यह है कि आज के जमाने में, एक्टिंग स्किल्स और असल जिंदगी की पहुंच से ज्यादा सोशल मीडिया पर मौजूदगी और पहुंच मायने रखती है। मनमीत ने आगे पूछा, 'क्या मुझे अपने फॉलोअर्स बढ़ाने होंगे? इस पर पेंटल ने कहा, 'बस अपने फॉलोअर्स बढ़ा लो, तुम्हें अच्छी एक्टिंग करने की जरूरत नहीं है'।
कंवरजीत पेंटल का करियर
पेंटल के करियर की बात करें तो वे पांच दशकों से भी ज्यादा समय से मनोरंजन जगत का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने 'शोले', 'नमक हलाल', 'सत्ते पे सत्ता', 'जवानी दीवानी', 'हम हैं राही प्यार के', 'आज का अर्जुन' और ऐसी ही कई अन्य यादगार फिल्मों में काम किया है। उन्होंने कई टीवी शो में भी काम किया है। बता दें कि कंवरजीत पेंटल, सीरियल 'महाभारत' में शकुनी मामा का रोल निभाकर लोकप्रियता बटोरने वाले दिवंगत एक्टर गुफी पेंटल के भाई हैं।