90 साल की उम्र में अभिनेता अच्युत पोतदार ने अंतिम सांस ली है, परिवार ने उनके निधन की जानकारी साझा की है, हार्ट फेलियर से उनकी मृत्यु हुई। वह हिंदी फिल्मों में सहायक भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं। आमिर खान की फिल्म ‘3 इडियट्स’ में अच्युत पोतदार ने एक प्रोफेसर का रोल किया था। उनका फिल्म में एक चर्चित डायलाॅग था, ‘अरे कहना क्या चाहते हो?’ यह डायलॉग फिल्म के बाद काफी पॉपुलर हुआ, मीम्स की दुनिया में भी यह डायलॉग खूब इस्तेमाल किया जाता है।
मंगलवार को होगा अंतिम संस्कार
अचुत्य पोतदार की बेटी अनुराधा पारस्कर ने अपने पिता के निधन की जानकारी दी। वह कहती हैं, ‘अगले तीन दिनों में यानी 22 अगस्त को वह 91 साल के हो जाते। उनकी उम्र बढ़ती जा रही थी, लेकिन कल दोपहर (सोमवार) में वह बेहोश हो गए, और हमने उन्हें जुपिटर अस्पताल में भर्ती कराया और फिर कुछ ही घंटों के भीतर लगभग 9 बजे उनके हार्ट ने काम करना बंद कर दिया। इसके बाद शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया।’ बेटी ने ही पुष्टि की है कि अचुत्य पोतदार का अंतिम संस्कार मंगलवार शाम ठाणे में होगा।
अस्पताल की तरफ से भी अचुत्य पोतदार के निधन संबंधी जानकारी साझा की गई। जुपिटर हॉस्पिटल के क्रिटिकल केयर डिपार्टमेंट के डायरेक्टर डॉ. रवींद्र घावत ने पीटीआई को बताया, ‘अचुत्य पोतदार को सोमवार शाम करीब 4 बजे सांस लेने और हृदय संबंधी समस्याओं के कारण गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उन्हें आईसीयू में रखा गया था। हाई बीपी, कमजोर हार्ट हेल्थ के कारण उन्हें हार्ट रिलेटेड प्रॉब्लम हुई और 10:30 बजे उनका निधन हो गया।’
सेना में दी अपनी सेवाएं, 44 साल में शुरू किया अभिनय
मध्य प्रदेश के रीवा में प्रोफेसर के तौर पर अच्युत पोतदार ने काम किया। फिर वह सेना में शामिल हुए। 1967 में कैप्टन के पद से रिटायर हुए। आगे चलकर उन्होंने इंडियन ऑयल कंपनी में काम किया। यही काम करते हुए वह थिएटर से जुड़ गए, स्टेज पर प्ले में एक्टिंग करने लगे। फिर 44 साल की उम्र में फिल्मों की दुनिया में कदम रखा। वह फिल्म ‘3 इडियट्स’ में एक प्रोफेसर का रोल निभाकर ही मशहूर हुए थे।
इन फिल्मों में भी आए नजर
सिर्फ आमिर खान की ‘3 इडियट्स’ में ही अच्युत पोतदार ने अभिनय नहीं किया। वह कई बड़ी फिल्मों का हिस्सा बने। वह ‘दबंग 2’, ‘फेरारी की सवारी’ और अमिताभ बच्चन की ‘भूतनाथ’ में भी नजर आए थे। टीवी सीरियल ‘अमिता का अमित’ में भी उन्होंने अभिनय किया।