बॉबी देओल अपनी आगामी सीरीज ‘आश्रम 3 पार्ट- 2’ के रिलीज के लिए कमर कस रहे हैं। इस सीरीज के पहले सीजन को काफी पसंद किया गया है। अब इसके तीसरे सीजन का दूसरा भाग आने के लिए तैयार है। हाल ही में अभिनेता ने इस सीरीज में अपने काम करने के अनुभव को साझा किया और बताया कि वह इस तरह की ही भूमिका की तलाश में थे, जो प्रकाश झा ने उन्हें दी। इस भूमिका ने उन्हें अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलने का मौका दिया। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा?
‘बाबा निराला’ का रोल ऑफर हुआ तो हैरान हुए बॉबी
एएनआई से बातचीत में बॉबी देओल ने उस समय को याद किया जब प्रकाश झा ने उन्हें सीरीज में एक भूमिका की पेशकश की थी। अभिनेता ने कहा, "मैं अलग-अलग भूमिकाएं निभाने और अपने कम्फर्ट जोन से बाहर के किरदार निभाने के लिए तैयार था, लेकिन इंडस्ट्री में आम तौर पर एक छवि का निर्माण एक अभिनेता की छवि से होता है। जब मुझे प्रकाश जी का मैसेज मिला कि वह कहानी सुनने के बाद मुझसे मिलना चाहते हैं, तो मुझे लगा कि वह मुझे एक पुलिस अधिकारी की भूमिका देंगे, हालांकि जब उन्होंने मुझसे कहा, 'आप बाबा का रोल प्ले करेंगे', तो मुझे विश्वास नहीं हुआ… "
यह खबर भी पढ़ें:
Udit Narayan: ऐश्वर्या से लेकर माधुरी तक विवादों में रहा है इन सेलिब्रिटी का रिश्ता, हुआ ब्रेकअप
बाबा निराला जैसे रोल का इंतजार कर रहे थे एक्टर
अभिनेता ने अपने किरदार बाबा निराला को लेकर कहा कि वह लंबे समय से इस तरह के किरदार का इंतजार कर रहे थे। बॉबी ने कहा, प्रकाश झा ने मुझ पर विश्वास किया और मुझे वह मिला जो मैं चाहता था। भगवान मुझ पर दयालु थे। मुझे बहुत चुनौतीपूर्ण भूमिका मिली।" इस दौरान प्रकाश झा ने भी बॉबी देओल की प्रशंसा की।
यह खबर भी पढ़ें:
Public Apology: अक्षय कुमार से लेकर उर्वशी रौतेला तक, इन सितारों ने मांगी अपने किए के लिए माफी
आश्रम सीजन 3 पार्ट- 2 स्टार कास्ट
‘आश्रम सीजन 3 पार्ट- 2’ अमेजन एमएक्स प्लेयर पर 27 फरवरी से मुफ्त में स्ट्रीम होगा। प्रकाश झा द्वारा निर्देशित इस सीरीज में अदिति पोहनकर, दर्शन कुमार, चंदन रॉय सान्याल, विक्रम कोचर, त्रिधा चौधरी, अनुप्रिया गोयनका, राजीव सिद्धार्थ और ईशा गुप्ता भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।