अभिनेता आमिर खान की आगामी फिल्म 'सितारे जमीन पर' को लेकर एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है। अब इस फिल्म में अभिनेता की 91 वर्षीय मां जीनत खान और उनकी बहन निखत खान भी नजर आएंगी। इस बात का खुलासा आमिर खान ने खुद किया है। आइए जानते हैं अभिनेता ने क्या कहा।
कैसे हुई आमिर खान के मां की कास्टिंग?
हाल ही में मीडिया से बात करते हुए आमिर खान ने बताया कि 'सितारे जमीन पर' फिल्म में उनकी मां के आने की कोई योजना नहीं थी। उन्होंने कहा, ‘आमतौर पर अम्मी यह नहीं कहती कि वह मेरी शूटिंग पर आना चाहती हैं। इसलिए मुझे नहीं पता कि उन्हें क्या महसूस हुआ, लेकिन गाने की शूटिंग की सुबह अम्मी ने फोन किया और पूछा, 'आप कहां शूटिंग कर रहे हैं? हमको भी आना है शूटिंग पर आज'।’ इसके बाद अभिनेता ने बताया, ‘तो, मैंने कहा चलिए आइए।' मैंने उनके लिए कार भेजी और मेरी बहन उन्हें शूटिंग पर ले आई, वह व्हीलचेयर पर आई। यह एक खुशनुमा शादी का गाना था और हम इसकी शूटिंग का आनंद ले रहे थे, जबकि वह हमें देख रही थीं।’
यह खबर भी पढ़ें:
Sonali Bendre: क्या वाकई 20 साल पहले सोनाली बेंद्रे और राज ठाकरे के बीच थीं करीबियां? अभिनेत्री ने किया खुलासा
फिल्म के गाने में नजर आएंगी अभिनेता की मां
आमिर खान ने आगे बातचीत में बताया कि निर्देशक आरएस प्रसन्ना ने उनसे अनुरोध किया था कि उनकी मां को इसमें कैमियो के रूप में शामिल किया जाए। अभिनेता ने कहा, ‘प्रसन्ना मेरे पास आए और कहा, 'सर, अगर आपको कोई आपत्ति न हो, तो क्या आप अम्मी जी को शॉट में शामिल करने का अनुरोध कर सकते हैं? यह फिल्म का आखिरी गाना है, जो एक शादी समारोह का दृश्य है। वह आसानी से मेहमानों में से एक हो सकती हैं। यह मेरे लिए एक भावनात्मक बात है, मैं चाहता हूं कि वह फिल्म का हिस्सा बनें।’
मां और बहन के साथ करेंगे पहली फिल्म
अभिनेता ने कहा कि निर्देशक की प्रतिक्रिया से वह चौंक गए थे। फिर आमिर खान ने बताया, ‘मैंने उनसे कहा, 'तू पागल हो गया है? मेरी हिम्मत नहीं होगी कि अम्मी से फिल्म के लिए बात करें या शॉट देने के लिए पूछे, वह बहुत जिद्दी हैं।' लेकिन जब मैंने आखिरकार उनसे पूछा, तो उन्होंने कहा, 'हां ठीक है।' मैं चौंक गया। तो, वह एक या दो शॉट में हैं। यह मेरी एकमात्र फिल्म है जिसका वह हिस्सा रही हैं।’ इसके साथ ही अभनेता ने बताया कि उनकी बहन निखत खान भी फिल्म में कुछ देर के लिए दिखेंगी, जो पहले से ही एक अभिनेत्री हैं।
फिल्म के बारे में
आमिर खान की फिल्म 'सितारे जमीन पर' का निर्देशन आर.एस प्रसन्ना ने किया है और इसे आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस के तहत तैयार किया गया है। यह फिल्म सिनेमाघरों में 20 जून को रिलीज होने वाली है।