लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और अंतिम दौर का मतदान जारी है। इस चरण में आठ प्रदेशों की 57 सीटों पर वोटिंग हो रही है। 10 करोड़ से अधिक मतदाता चुनाव मैदान में उतरे 904 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसके साथ ही बीते ढाई महीने से चल रही चुनाव की प्रक्रिया अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच जाएगी और सभी को 4 जून का इंतजार रहेगा, जब नतीजे आएंगे।
हालांकि, इस पूरे चुनाव में मत प्रतिशत चर्चा का प्रमुख विषय बना है। शुरुआत में विपक्ष ने चुनाव आयोग पर देरी से वोटिंग के आंकड़े देने का आरोप लगाया जिसका आयोग ने खंडन किया। वहीं सत्ता पक्ष का कहना है कि विपक्ष ने पहले ही हार मान ली है। इन तमाम आरोप-प्रत्यारोपों के बीच चुनाव आयोग ने पांच चरण में मतदान करने वाले मतदाताओं के आंकड़े जारी किए। इन आंकड़ों से पता चलता है कि अब तक के छह चरण में 2019 के मुकाबले मत प्रतिशत गिरा है। हालांकि, मतदान करने वालों के आंकड़े बढ़ गए। 2019 में छठे चरण तक 55.22 करोड़ लोगों ने मतदान किया था जबकि इस बार ये आंकड़ा 57.76 करोड़ हो गया है।
2019 के लोकसभा चुनाव में करीब 91 करोड़ मतदाता थे। इनमें से 61.46 करोड़ मतदाताओं ने वोट डाला था। इस बार मतदाताओं का यह आंकड़ा बढ़कर 96.88 करोड़ हो गया है। सातवें चरण में शाम पांच बजे तक कुल 63.65 करोड़ मतदाता अब तक वोट डाल चुके हैं। यानी, सातवें चरण की पांच बजे तक की वोटिंग में ही कुल 2.19 करोड़ ज्यादा वोट पड़ चुके हैं।
आइये जानते हैं 2019 के मुकाबले 2024 में कितने मतदाता हैं? चरणवार मतदान के आंकड़े क्या कहते हैं? 2019 के मुकाबले 2024 में कितने मतदाताओं ने वोट किया?