महाराष्ट्र चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति ने 80 फीसदी सीटें जीतकर इतिहास रच दिया, तो भाजपा ने 132 सीटें जीतकर अब तक का सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। पार्टी अपने दम पर बहुमत से सिर्फ 13 सीटें कम है। सहयोगी शिवसेना की 57, एनसीपी (अजीत) की 41 व तीन छोटे सहयोगियों की चार सीटाें के साथ महायुति ने 288 में से 234 सीटों पर बंपर जीत हासिल की है। कांग्रेस के नेतृत्व वाली महाविकास आघाड़ी (एमवीए) को झटका लगा, वह सिर्फ 50 सीटों पर सिमट गया।
| पार्टी | सीटें |
|---|---|
| भाजपा | 132 |
| शिवसेना (शिंदे) | 57 |
| एनसीपी (अजीत) | 41 |
| अन्य सहयोगी | 04 |
50 सीटें महाविकास आघाड़ी को
| पार्टी | सीटें |
|---|---|
| शिवसेना (उद्धव) | 20 |
| कांग्रेस | 16 |
| एनसीपी (शरद) | 10 |
| सपा+अन्य | 4 |
अजीत हीरो साबित
शरद पवार की राजनीतिक कॅरिअर की सबसे बड़ी हार
84 साल की उम्र में शरद पवार राजनीति की सबसे बड़ी शिकस्त खा गए। हालत इतनी खराब रही कि उनकी पार्टी को मिली सीटें अन्य के खाते में गई सीटों के करीब पहुंच गईं। एनसीपी (शरद पवार) को 10 और अन्य के खाते में 08 सीटें रहीं। वहीं, अजीत गुट ने राज्य में सिर्फ 59 सीटों पर प्रत्याशी उतारे और 41 पर जीत हासिल की।
नेता प्रतिपक्ष पद के लायक विधायक भी नहीं...
एमवीए की हालत इतनी खराब है कि इसके घटक दलों में से कोई भी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद पर दावा नहीं कर सकता। नेता प्रतिपक्ष के पद के लिए विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी के पास कम से कम 29 विधायक होना चाहिए। इस बार विपक्ष में सबसे बड़ी पार्टी शिवसेना (यूबीटी) के पास सिर्फ 20 विधायक हैं।
विकासवाद जीता, धोखेबाजों को मिली हार : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की जीत हुई है। झूठ और धोखे की करारी हार हुई है। उन्होंने कहा, महाराष्ट्र के लोगों ने नकारात्मक राजनीति और परिवारवाद को पराजित किया है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भाजपा मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को कहा, हम एक और ऐतिहासिक महाविजय का उत्सव मनाने के लिए यहां एकत्रित हुए हैं। महाराष्ट्र में झूठ, फरेब और विभाजनकारी ताकतें हारी हैं। नकारात्मक राजनीति की हार हुई है। आज महाराष्ट्र ने विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया है।
पीएम ने कहा, हम विकास और विरासत साथ लेकर चलते हैं। मोदी ने कहा, वह महाराष्ट्र के मतदाताओं, युवाओं, माताओं व किसानों को नमन करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, वह झारखंड की जनता के सामने भी नतमस्तक हैं। भाजपा राज्य के विकास के लिए उत्साह के साथ काम करेगी।
एक हैं तो सेफ हैं...बना महामंत्र
चुनाव के दौरान दिए नारे ‘एक हैं तो सेफ हैं’ का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, चुनावों का सबसे बड़ा संदेश एकता है। हरियाणा के बाद इस चुनाव का सबसे बड़ा संदेश एकता ही है। एक हैं तो सेफ हैं अब देश का महामंत्र बन गया है।