जनता को संबोधित करते पीएम मोदी। (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
महाराष्ट्र में जारी चुनाव प्रचार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कई जनसभाओं को संबोधित किया। मुंबई की रैली में पीएम मोदी ने कहा कि मुंबई स्वाभिमान का शहर है, लेकिन महा विकास अघाड़ी के सदस्य उद्धव ठाकरे ने अपनी पार्टी का रिमोट कंट्रोल उस कांग्रेस को सौंप दिया जिसने बालासाहेब ठाकरे का अपमान किया था। इसलिए मैंने उन्हें चुनौती दी थी कि वे कांग्रेस से बालासाहेब ठाकरे की प्रशंसा करवाएं। आज तक ये लोग कांग्रेस और कांग्रेस के ‘युवराज’ से बालासाहेब की प्रशंसा नहीं करवा पाए हैं। कांग्रेस सत्ता के लिए बेताब है। उन्होंने कहा, कांग्रेस के शासनकाल में देश भर में आतंकी हमले होते रहे। हर जगह लोग लावारिस वस्तुओं से डरते थे। लेकिन अब यह सब बंद हो गया है। आतंक के आकाओं को अब पता है कि अगर उन्होंने भारत के खिलाफ कुछ भी किया तो मोदी उन्हें नहीं छोड़ेगा।
महामंडलेश्वर स्वामी शांतिगिरी महाराज से मुलाकात
महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने महामंडलेश्वर स्वामी शांतिगिरी महाराज से भी मुलाकात की। उन्होंने गरीबों, वंचितों को सशक्त बनाने के उनके प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने एक पोस्ट में कहा, छत्रपति संभाजी नगर में महामंडलेश्वर स्वामी शांतिगिरी महाराज से मुलाकात की। वह अनेक सामुदायिक सेवा प्रयासों में अग्रणी रहे हैं। यह बैठक महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के प्रचार अभियान के बीच हुई।
वीडियो में मजीरा बजाते दिखे पीएम मोदी
चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रायगड भी पहुंचे। जिले के पनवेल में इस्कॉन स्वयंसेवकों ने पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया। इस्कॉन स्वयं सेवकों ने 'हरे राम हरे कृष्ण' भजन भी गाया। वहीं पीएम मोदी एक वीडियो में मजीरा बजाते नजर आए।
पीएम मोदी ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया
इससे पहले उन्होंने छत्रपति संभाजीनगर में भी भाजपा की जनसभा को संबोधित किया। रैली में पीएम मोदी ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आरक्षण से छेड़छाड़ कर एससी-एसटी समुदाय को बांटना चाहती है। राहुल गांधी का नाम लिए बिना पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे आरक्षण को खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अनुच्छेद 370 को वापस लाने की बात की है, जो उसकी मानसिकता दिखाता है।
आरक्षण के नाम पर लड़ाने की कोशिश, मंसूबे कामयाब नहीं होंगे
कांग्रेस पर पाकिस्तान की भाषा बोलने का आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा ने जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 370 से आजादी दिलाई, लेकिन कांग्रेस अब दूसरी भाषा बोल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जाति और आरक्षण के नाम पर लड़ाने की ताक में है, लेकिन उसके मंसूबे कामयाब नहीं होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि महाविकास अघाड़ी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि एमवीए सरकार की वापसी महाराष्ट्र के हित में नहीं है।
संबंधित वीडियो-