महाराष्ट्र में भाजपा के लिए विधानसभा चुनाव प्रचार करने पहुंचे यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छत्रपति शिवाजी को याद किया। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी ने लोगों को एकजुट किया था। लोग एक रहेंगे तभी सुरक्षित रहेंगे। वाशिम में चुनाव प्रचार के दौरान सीएम योगी ने शिवाजी से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इतिहास में हम जब भी बंटे, कटे थे। इसलिए अब हमें एकजुट रहना होगा। सीएम योगी ने महायुति (भाजपा-शिवसेना और अजित पवार खेमे की एनसीपी) की सराहना की और कहा कि प्रदेश के विकास के लिए एक बार फिर महायुति सरकार आनी जरूर है। उन्होंने विपक्षी धड़े पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए आड़े हाथों लिया।
विभाजित रहने के खतरों के प्रति आगाह किया
भाजपा के स्टार प्रचारक और योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विदर्भ के वासिम में आयोजित चुनावी रैली में महाराष्ट्र के विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए)को ‘महा अनाड़ी’ करार दिया। उन्होंने स्थानीय लोगों को विभाजित रहने के खतरों के प्रति आगाह किया।
विपक्ष महा अनाड़ी गठबंधन
सीएम योगी ने कहा कि शिवाजी महाराज मुगल बादशाह औरंगजेब की सत्ता को चुनौती देने के लिए आगरा गए थे। आगरा में मुगल संग्रहालय बनाया जा रहा था, लेकिन उत्तर प्रदेश में भाजपा के सत्ता में आने के बाद इसका नाम छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर रखा गया है। सीएम योगी ने कहा, 'मैं उन लोगों को महा अनाड़ी कहता हूं जिन्हें देश, धर्म, राष्ट्रवाद, समाज और राष्ट्र के मूल्यों और सिद्धांतों की चिंता नहीं है। यह काम महा अनाड़ी गठबंधन कर रहा है।' उन्होंने कहा, केवल अयोध्या ही नहीं, हम काशी और मथुरा की ओर भी आगे बढ़ चुके हैं।
सुरक्षा और देश की सीमा से जुड़े मुद्दों पर भी बात
उन्होंने कहा कि एक समय था जब भारत में पाकिस्तान आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देता था। सीमा पार से घुसपैठिए देश में घुस आते थे और चीन घुसपैठ कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर जाता था। अब मोदी सरकार के शासन में चीजें बदल गई हैं। सीएम योगी ने कहा, 'जब हम इस मुद्दे को उठाते थे तो कांग्रेस कहती थी कि इस पर बात न करें क्योंकि इससे (इन दोनों देशों के साथ) संबंध खराब होंगे। उन्हें देश की सुरक्षा की नहीं बल्कि संबंधों के प्रभावित होने की चिंता थी।'
'राम नाम सत्य' यात्रा निकाली जाएगी...
सीएम योगी ने कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में 'न्यू इंडिया' में यदि सीमा पर कोई घुसपैठ होगी तो 'राम नाम सत्य' यात्रा निकाली जाएगी। भारत और चीन के बीच सीमा पर गश्ती को लेकर हुए समझौते का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, आपने अखबारों में पढ़ा होगा कि चीनी सेना पीछे हट गई है और भारतीय सेना फिर से गश्त कर रही है। यह नया भारत है।
महाराष्ट्र में राजनीतिक दलों की स्थिति क्या है
बता दें कि 'महायुति' गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और अजित पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल हैं जबकि विपक्षी एमवीए में कांग्रेस, उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) शामिल हैं।