फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LS Polls 2024: प्रचार के अंतिम तीन दिन में भाजपा ने झोंकी ताकत, विकास से राष्ट्रवाद तक हर मुद्दे पर खेला दांव

Tue, 21 May 2024 03:20 PM IST
अभिषेक दीक्षित डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

दिल्ली में केंद्र सरकार के द्वारा किए गए विकास कार्यों को भाजपा नेता अपनी जनसभाओं में मजबूती से उठा रहे हैं। भारत मंडपम, नई संसद, प्रगति मैदान अंडरपास, दिल्ली के चारों ओर बनाए गए राष्ट्रीय राजमार्ग और भारत वंदना पार्क को लगातार गिनाया जा रहा है।
विज्ञापन
चांदनी चौक से प्रत्याशी प्रवीण खंडेलवाल के लिए जनता से वोट मांगते गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली में लोकसभा की सभी सातों सीटों पर 25 मई को मतदान होना है। इसके पहले चुनाव प्रचार के लिए अब केवल तीन दिनों का समय बचा है। इसे देखते हुए भाजपा ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 मई को दिल्ली के द्वारका इलाके में एक और चुनावी सभा कर जनता को भाजपा के पक्ष में वोट करने के लिए प्रेरित करेंगे। पूरी प्रदेश इकाई इस जनसभा को सफल बनाने के लिए जुट गई है। वहीं, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मोहनलाल यादव, प्रमोद सावंत, पुष्कर सिंह धामी और अन्य बड़े नेता कई चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर जनता से भाजपा के लिए वोट मांगेंगे।

विज्ञापन


गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने चांदनी चौक सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रवीण खंडेलवाल के पक्ष में एक रोड शो किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता एक बार फिर भाजपा को सभी सातों सीटों पर जीत दिलाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में एनडीए 400 सीटों पर और भाजपा 370 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। दिल्ली सातों सीटों पर भाजपा को जिताकर प्रधानमंत्री की तीसरी बार सत्ता सौंपने में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।   

पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी कमलजीत सहरावत के लिए जनता से वोट मांगते हुए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि इस सीट पर एक बार फिर कमल खिलेगा। दिल्ली के मतदाता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को हर स्तर पर मजबूत करने के लिए कदम उठाए हैं, पूरे देश की महिलाएं उनके साथ आ गई हैं। इन महिलाओं का आशीर्वाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है और इसी आशीर्वाद के बल पर भाजपा इस चुनाव में 370 का आंकड़ा पार करेगी।
विज्ञापन


किन मुद्दों पर दांव?
दिल्ली में केंद्र सरकार के द्वारा किए गए विकास कार्यों को भाजपा नेता अपनी जनसभाओं में मजबूती से उठा रहे हैं। भारत मंडपम, नई संसद, प्रगति मैदान अंडरपास, दिल्ली के चारों ओर बनाए गए राष्ट्रीय राजमार्ग और भारत वंदना पार्क को लगातार गिनाया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर घूमकर लोगों को राष्ट्रवाद की बात बता रहे हैं। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश के दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने की संभावना का दावा भी कर रहे हैं।  

भाजपा के सामने चुनौती 
भाजपा ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में दिल्ली की सभी सातों सीटों पर जीत दर्ज की थी। 2014 के लोकसभा चुनाव में उसे कुल 46.40 फीसदी वोट मिले थे, जबकि 2019 के लोकसभा चुनाव में उसे 56.86 फीसदी वोट मिले थे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया है कि पार्टी इस बार पिछले आंकड़े को सुधारते हुए 60 प्रतिशत से अधिक वोटों के साथ रिकॉर्ड जीत हासिल करेगी। 

चुनौती बढ़ी
भाजपा के इस दावे में सबसे बड़ी चुनौती इस चुनाव में लगातार कम हो रहे मतदान से है। यदि पूरे देश की तरह दिल्ली में भी मतदान कम होता है, तो इससे भाजपा की उम्मीदों को झटका लग सकता है। इस चुनाव में भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन के कारण भी पैदा हो रही है। दोनों दलों के मतदाता लगभग समान माने जाते हैं। दोनों दलों के अलग-अलग चुनाव लड़ने से मतदाताओं में बिखराव होता था जिसका लाभ भाजपा को मिल जाता था। लेकिन इस चुनाव में दोनों के साथ आ जाने से नई परिस्थितियों में किसका पलड़ा भारी रहेगा, इस पर कयासबाजी जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें