फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

कर्नाटक: भाजपा के पास पिछले प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती, वजूद बचाने के लिए कांग्रेस कर रही है जद्दोजहद

नीरज तिवारी Published by: जलज मिश्रा Updated Tue, 23 Apr 2024 05:17 AM IST

सार

कर्नाटक की 28 लोकसभा सीटों पर भाजपा के सामने रिकॉर्ड 25 सीटों पर जीत का पिछला प्रदर्शन दोहराने, तो कांग्रेस के सामने वजूद बचाने की चुनौती है। लोकसभा की महज एक सीट पर काबिज कांग्रेस भले ही प्रदेश की सत्ता में है, पर नए गठबंधन (भाजपा-जदएस) की किलेबंदी से पार पाना उसके लिए आसान नहीं नजर आ रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
मल्लिकार्जुन खरगे, येदिरुप्पा, एचडी कुमारस्वामी - फोटो : ANI

प्रदेश की राजनीति पर गहरी पकड़ रखने वाले वोक्कालिगा और लिंगायत समुदाय एक मंच पर आ जाएं, तो बड़ा उलटफेर करने में सक्षम हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इसका खामियाजा भी भुगता। लिंगायत समुदाय के अपने वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा को नाराज कर पार्टी को हार गले लगानी पड़ी। इसके बाद भाजपा को उनके बेटे बीवाई विजयेंद्र को प्रदेश अध्यक्ष बनाना पड़ा। प्रदेश में सर्वाधिक आबादी लिंगायतों की है। दूसरे स्थान पर वोक्कालिगा समुदाय है। जदएस प्रमुख एचडी देवगौड़ा इसी समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कुरुबा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दलित समुदाय से हैं। कांग्रेस ने टिकट वितरण के जरिये वोक्कालिगा और लिंगायत में संतुलन साधने की कोशिश की है।

समुदायों से ऊपर हिंदुत्व का मुद्दा


भाजपा का गढ़ माने जाने वाले दक्षिणी कर्नाटक के समुद्र तटीय क्षेत्रों में वोक्कालिगा, लिंगायत और कुरुबा समुदायों से ऊपर हिंदुत्व को मान्यता दी जाती है। उडुपी के उच्चिला कस्बे में मछुआरा समाज के माधव मेंडला कहते हैं, जो हमारे धर्म और संस्कृति की रक्षा की बात करेगा, हम उसी के साथ हैं। कहते हैं कि क्षेत्र में दूसरे समुदायों के धर्मांतरण अभियान और आतंक के खिलाफ वे लोग कभी खड़े नहीं हुए, जिन्हें हम दशकों केंद्र में भेजते रहे। क्षेत्र में संघ और विहिप ने धर्म जागरण अभियान चलाकर हिंदुओं को एकजुट किया। आज यहां घर-घर भगवान राम और हनुमान जी की पूजा होती है।

दांव-पेच


कांग्रेस से मुकाबले के बीच येदियुरप्पा के खिलाफ ईश्वरप्पा

पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के गढ़ शिवमोगा में उनकी ही पार्टी के नेता और कभी करीबी रहे केएस ईश्वरप्पा ने बगावत कर मुश्किल खड़ी कर दी है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष व उप मुख्यमंत्री रह चुके ईश्वरप्पा निर्दलीय मैदान में हैं। वह येदियुरप्पा के बड़े बेटे और भाजपा उम्मीदवार बीवाई राघवेंद्र को चुनौती देंगे। ईश्वरप्पा का आरोप है कि प्रदेश भाजपा पर येदियुरप्पा परिवार का कब्जा है। येदियुरप्पा के छोटे बेटे बीवाई विजयेंद्र प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और शिकारीपुरी से विधायक भी हैं। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री एस बंगारप्पा की बेटी गीता शिव राजकुमार को मैदान में उतारा है। उनके पति शिव राजकुमार कन्नड़ फिल्मों के अभिनेता हैं। ससुर मशहूर कन्नड़ अभिनेता राजकुमार थे, जिनका चंदन तस्कर वीरप्पन ने अपहरण किया था। इडिगा समुदाय की गीता के भाई मधु बंगारप्पा कांग्रेस सरकार में मंत्री हैं, जबकि दूसरे भाई कुमार बंगारप्पा भाजपा में हैं।

अहम की लड़ाई...शाही परिवार बनाम वोक्कालिगा


मैसूरू शाही परिवार के वंशज श्रीकांतदत्त नरसिम्हाराजा वाडियार के दत्तक पुत्र यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार पहली बार चुनावी मैदान में हैं। उनके पिता श्रीकांतदत्त कांग्रेस के टिकट पर चार बार सांसद चुने गए थे। वर्ष 1991 में उन्होंने एक बार भाजपा से भाग्य आजमाया भी तो हार का सामना करना पड़ा। यदुवीर के सामने चुनौतियां कम नहीं हैं। भाजपा ने वोक्कालिगा समुदाय के प्रताप सिम्हा का टिकट काटकर यदुवीर को मैदान में उतारा है। प्रताप सिम्हा वही चर्चित सांसद हैं, जिनके विजिटर पास पर दो संदिग्ध संसद में घुस गए थे। इधर, मौका देख कांग्रेस ने 47 साल बाद पहली बार इस सीट से वोक्कालिगा समुदाय के एम लक्ष्मण को प्रत्याशी बना दिया है। इस तरह कांग्रेस ने इसे वोक्कालिगा के अहम की लड़ाई बनाने की कोशिश की है। मैसूर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का गृह जनपद भी है।

इन दिग्गजों  की प्रतिष्ठा भी दांव पर

भाजपा


धारवाड़ से केंद्रीय कोयला व संसदीय मामलों के मंत्री प्रह्लाद वी जोशी, बंगलूरू उत्तर से केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे, हावेरी से पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, बेलगाम से पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार।

कांग्रेस


कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दामाद राधाकृष्ण डोड्डामणि गुलबर्गा से, उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश बंगलूरू ग्रामीण से।

जेडीएस

विज्ञापन

मांड्या से पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी। जेडीएस अध्यक्ष और पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा के पुत्र हैं। बंगलूरू ग्रामीण से भाजपा के टिकट पर मैदान में उतरे डॉ. सीएन मंजूनाथ देवगौड़ा परिवार के दामाद हैं।

रोचक मुकाबले: चार दशक की सियासी अदावत अब दो परिवारों की तीसरी पीढ़ी आमने-सामने


हासन सीट पर दो परिवारों की सियासी अदावत और तीसरी पीढ़ी का कॅरिअर सेट करने की लड़ाई चर्चा में है। एक तरफ पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पौत्र प्रज्ज्वल रेवन्ना हैं, तो दूसरी तरफ जी पुट्टस्वामी गौड़ा के पौत्र एम श्रेयस पटेल कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं। कभी एक-दूसरे के करीबी रहे देवगौड़ा और पुट्टस्वामी के बीच अस्सी के दशक में इस कदर तलवारें खिंचीं कि तीसरी पीढ़ी तक उसका असर है। लिंगायत समुदाय से आने वाले दोनों नेताओं में हासन पर देवगौड़ा का प्रभाव अधिक रहा। श्रेयस विधानसभा चुनाव में प्रज्ज्वल के पिता एचडी रेवन्ना के खिलाफ होलेनरासीपुर सीट से लड़े थे। रेवन्ना लगातार पांचवीं बार जीते, मगर सिर्फ 3152 मतों से। पुट्टस्वामी का 2006 में निधन हो गया, मगर सियासी प्रतिद्वंद्विता आज भी जारी है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next