Jharkhand Candidate List: झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए दो चरण में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के साथ कई दिग्गजों का सियासी भविष्य दांव पर होगा। आइए जानते हैं कहां-किसके बीच मुकाबला...
झारखंड में विधानसभा चुनाव में उतरने वाले चेहरों की तस्वीर अब लगभग साफ हो गई है। राज्य की 81 सदस्यीय विधानसभा सीटों के लिए दो चरण में चुनाव होने हैं। इस समय दोनों दौर के नामांकन की प्रकिया चल रही है। उधर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले महागठबंधन और भारतीय जनता पार्टी नीत एनडीए ने अधिकतर सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
विज्ञापन
इस चुनावी प्रक्रिया के बीच जानते हैं झारखंड में विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम क्या है? इस चुनाव में कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी? प्रमुख चेहरे कहां से मैदान में होंगे? पहले और दूसरे चरण की सीटें कौन सी हैं?
झारखंड चुनाव का कार्यक्रम क्या है?
राज्य में पहले चरण के लिए अधिसूचना 18 अक्तूबर को जारी हुई, वहीं नामांकन की आखिरी तारीख 25 अक्तूबर है। 28 अक्तूबर नामांकन पत्रों की जांच की तारीख है। उम्मीदवार 30 अक्तूबर तक अपने नाम वापस ले सकते हैं। 12 नवंबर को 43 विधानसभा सीटों के लिए पहले चरण में मतदान कराया जाएगा।
विज्ञापन
वहीं, दूसरे दौर के लिए अधिसूचना 22 अक्तूबर को जारी हुई जबकि नामांकन की आखिरी तिथि 29 अक्तूबर है। 30 अक्तूबर नामांकन पत्रों की जांच की तारीख है। उम्मीदवार 1 नवंबर तक अपने नाम वापस ले सकते हैं। 20 नवंबर को शेष 38 सीटों के लिए दूसरे चरण का मतदान होगा।
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024
- फोटो : अमर उजाला
कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी?
महागठबंधन में सीट बंटवारे की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन अधिकतर उम्मीदवारों का एलान हो गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा तीन सूचियों में कुल 41 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने 21 प्रत्याशियों का एलान किया है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपने छह उम्मीदवारों की सूची जारी की है।
विपक्षी एनडीए में भाजपा 81 में से 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं सुदेश महतो की ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) 10 सीटें मिली हैं। इसके अलावा, नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को दो जबकि चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को एक सीट दी गई है।
प्रमुख चेहरे कहां से मैदान में होंगे?
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत की पत्नी कल्पना सोरेन को गांडेय सीट से टिकट दिया गया है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री के भाई बसंत सोरेन को दुमका से मैदान में उतारा गया है।
कांग्रेस के प्रमुख चेहरों की बात करें तो, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और त्रिपुरा, ओडिशा और नगालैंड के लिए पार्टी के प्रभारी अजॉय कुमार जमशेदपुर पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को जमशेदपुर पश्चिम सीट से टिकट दिया गया है। झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव को अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित लोहरदगा सीट से टिकट दिया गया है।
विपक्षी भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को धनवार से प्रत्याशी बनाया गया है। पूर्व सीएम और पूर्व झामुमो नेता (अब भाजपा में) चंपई सोरेन को सरायकेला से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी को चंदनकियारी सीट से मौका दिया गया है। हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन को भाजपा ने जामताड़ा से टिकट दिया है।
झारखंड में एनडीए की सहयोगी आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश कुमार महतो अपनी परंपरागत सीट सिल्ली से मैदान में हैं। भाजपा के कद्दावर नेता रहे सरयू राय को जदयू ने जमशेदपुर पश्चिम से मैदान में उतारा है। इसी तरह पूर्व मंत्री राजा पीटर को जदयू ने तमाड़ सीट से उम्मीदवार बनाया है।
जदयू के दोनों उम्मीदवार तत्कालीन मुख्यमंत्री को हरा चुके हैं
जदयू ने जिन दो चेहरों को अपना उम्मीदवार बनाया है दोनों के साथ एक रोचक तथ्य जुड़ा है। तमाड़ से पार्टी के उम्मीदवार गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर ने 2009 में तमाड़ सीट पर हुए उपचुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को हराया था। उपचुनाव में मिली हार के बाद शिबू सोरेन की कुर्सी चली गई थी।
इसी तरह जमशेदपुर पश्चिम से जदयू उम्मीदवार बनाए गए सरयू राय ने पिछले विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुबर दास को शिकस्त दी थी। 2019 में भाजपा से बगावत करके निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे सरयू राय ने जमशेदपुर पूर्व सीट पर भाजपा उम्मीदवार रघुबर दास को हराया था। हालांकि, जदयू ने उन्हें जमशेदपुर पश्चिम सीट से मैदान में उतारा है।