फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनाव की अहम खबरें: ब्रजेश पाठक बोले- सपा-कांग्रेस गठबंधन बेमेल शादी जैसा, दोनों दलों को सत्ता की चिंता

Wed, 25 Nov 2026 03:52 PM IST
पवन पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा, कांग्रेस, सपा और आम आदमी पार्टी ने अपनी रणनीतियां बनानी शुरू कर दी हैं। गठबंधन, सीट बंटवारे, चुनावी तैयारियों और नेताओं के बयानों के बीच राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का चेहरा कमल का फूल होगा। चुनाव के बाद मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री का चयन एक तय प्रक्रिया के तहत होता है। एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर मौर्य ने कहा कि फिलहाल योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं और वह उनका समर्थन करते हैं। हालांकि, 2027 के चुनाव के बाद योगी आदित्यनाथ या कोई अन्य नेता मुख्यमंत्री बनेगा, इसका फैसला वह अकेले नहीं कर सकते। चुनाव के बाद विधायकों की बैठक होगी और केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में नेता का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में किसी एक व्यक्ति के बजाय पार्टी के चुनाव चिह्न कमल के आधार पर चुनाव लड़ा जाता है। केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा ने कांग्रेस को उसकी राजनीतिक हैसियत दिखाई है और अब कांग्रेस को भी अपनी ताकत दिखानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी।
विज्ञापन
Trending Videos

'उनको अच्छी नहीं लगती बुलंदी मेरी, 
उनको शायद मेरी परवाज बहुत खलती है'


समाजवादी पार्टी की ओर से यूपी चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की सूची जारी करने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सपा एक तरफ कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत कर रही है और दूसरी तरफ उम्मीदवारों के नाम घोषित कर रही है। इससे लगता है कि सपा इस बातचीत को गंभीरता से नहीं ले रही है। इस दौरान उन्होंने शायराना अंदाज में कहा, 'उनको अच्छी नहीं लगती बुलंदी मेरी, शायद उनकी परवाज बहुत खलती है', बस यही एक जवाब है... कांग्रेस चाहती थी क्यों कह रहे हैं आप, कांग्रेस जब भी जरूरत होगी उम्मीदवार उतारेगी; इसमें बड़ी बात क्या है? अगर आप गठबंधन के बीच में ऐसा करते हैं, तो यह गठबंधन नहीं है। इसका मतलब है कि आपकी तरफ से कोई गंभीरता नहीं है'।
 

उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस को अपनी पार्टी के भीतर चर्चा करनी होगी कि सपा के साथ बातचीत जारी रखनी चाहिए या नहीं। मसूद ने सवाल उठाया कि सपा आखिर भाजपा से लड़ना चाहती है या कांग्रेस से? फैसला सपा को करना होगा।
 

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन में सीटों को लेकर खींचतान जारी है। कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी (सपा) के सामने 120 सीटों की मांग रखी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस इस संख्या से कम सीटों पर समझौता करने के पक्ष में नहीं है। इससे दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत चुनौतीपूर्ण हो गई है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने सपा के साथ बातचीत में 120 विधानसभा क्षेत्रों की सूची सौंपी है। इसमें सहारनपुर की दो सीटें भी शामिल हैं, जहां सपा अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। इसके अलावा रायबरेली और अमेठी की कुछ सीटों पर भी कांग्रेस ने दावा किया है। इन क्षेत्रों में सपा के मौजूदा विधायक होने के कारण दोनों दलों के बीच सहमति बनाना आसान नहीं होगा।

बताया जा रहा है कि सपा ने शुरुआत में कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया था, लेकिन कांग्रेस इससे संतुष्ट नहीं है। पार्टी का मानना है कि प्रदेश में अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने के लिए उसे अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने का अवसर मिलना चाहिए। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव गठबंधन के जरिए चुनावी मुकाबले में उतरने के पक्ष में हैं। फिलहाल दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है। सीटों की संख्या और उम्मीदवारों के चयन पर अंतिम सहमति बनने के बाद ही गठबंधन की तस्वीर साफ होगी।

कांग्रेस 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर देशभर में 'संविधान रक्षा मार्च' निकालेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित मार्च में शामिल होंगे। पार्टी ने सभी राज्यों में इस कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी की है। कांग्रेस की ओर से आयोजित इन मार्चों में प्रदेश कांग्रेस समितियां हिस्सा लेंगी। पार्टी का उद्देश्य संविधान की रक्षा और उसके मूल्यों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। कांग्रेस के कार्यक्रम के तहत विभिन्न राज्यों में मार्च निकाले जाएंगे। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का पाठ और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी। लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस ने संविधान दिवस के मौके पर देशव्यापी आयोजन के जरिए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को उठाने की तैयारी की है।
विज्ञापन

ब्रजेश पाठक बोले- सपा-कांग्रेस गठबंधन बेमेल शादी जैसा
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच प्रस्तावित गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने दोनों दलों के गठबंधन को बेमेल शादी बताते हुए कहा कि इन पार्टियों का मकसद जनता की सेवा करना नहीं, बल्कि सत्ता हासिल करना है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा और कांग्रेस दोनों को संविधान दिवस के मौके पर देश से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि कांग्रेस ने 1975 में देश में आपातकाल लगाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों का लोकतंत्र और संविधान से कोई लेना-देना नहीं है।

उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर अपनी मंशा जाहिर कर दी थी। दोनों पार्टियां केवल सत्ता में आने की कोशिश कर रही हैं। सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत पर प्रतिक्रिया देते हुए पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले भी कई बार गठबंधन कर चुकी है, लेकिन इस बार भी उसे उत्तर प्रदेश में सफलता नहीं मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।

कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत सौहार्दपूर्ण- राजीव राय
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है। इस बीच सपा सांसद राजीव राय ने कहा है कि दोनों दलों के बीच बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में आगे बढ़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन में सीटों की संख्या से ज्यादा चुनाव जीतना महत्वपूर्ण है। राजीव राय ने कहा कि सीटों की संख्या दो अंकों में होगी या तीन अंकों में, इस पर अटकलें लगाने का कोई मतलब नहीं है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे को लेकर स्पष्ट फॉर्मूला दिया है, जिस पर कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भी सहमत है।

उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में जिस पार्टी की स्थिति मजबूत होगी और उसके उम्मीदवार के जीतने की संभावना अधिक होगी, उसी पार्टी को वहां से चुनाव लड़ना चाहिए। इससे दोनों दलों का सम्मान बना रहेगा और गठबंधन को मजबूती मिलेगी। सपा सांसद ने कहा कि चुनाव जीतना ही मुख्य उद्देश्य है। इसके जरिए उत्तर प्रदेश के सम्मान, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की जा सकेगी। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर 2027 में चुनाव होने हैं। सपा और कांग्रेस पिछले लोकसभा चुनाव में गठबंधन के तहत मैदान में उतरी थीं। अब दोनों दल आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाने में जुटे हैं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें