देश में लोकसभा चुनावों के साथ चार राज्यों में विधानसभा के चुनाव भी संपन्न हुए। 60 सदस्यीय अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के लिए 19 अप्रैल को मतदान कराया गया था। आज अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा हो रही है। 10 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए हैं। निर्विरोध चुने जाने वालों में राज्य के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। अभी तक के नतीजों में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाती दिख रही है।
आइए जानते हैं कि अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की खास बातें...
देश में लोकसभा चुनावों के साथ चार राज्यों में विधानसभा के चुनाव भी संपन्न हुए। 60 सदस्यीय अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के लिए 19 अप्रैल को मतदान कराया गया था। आज अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा हो रही है। 10 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए हैं। निर्विरोध चुने जाने वालों में राज्य के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। अभी तक के नतीजों में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाती दिख रही है।
आइए जानते हैं कि अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की खास बातें...
चुनाव में केवल पांच फीसदी महिला प्रत्याशी
अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2024 में कुल 143 उम्मीदवार सियासी मैदान में उतरे। इनमें से 95 फीसदी यानी 136 पुरुष प्रत्याशी हैं। वहीं अरुणाचल के विधानसभा चुनाव उतरें प्रत्याशियों में महिला प्रतिनिधित्व देखें तो यह केवल पांच फीसदी है। अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2024 में कुल सात ही महिला उम्मीदवार हैं। अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2019 में 184 में से 11 (6%) महिला उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। 2024 के चुनाव में भाजपा की 59 में से महज चार यानी सात फीसदी महिला प्रत्याशी हैं। वहीं कांग्रेस ने 19 में से तीन यानी 16% महिला उम्मीदवार उतारे हैं।
यह ध्यान देने वाली बात है कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित करने के लिए महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बाद यह पहला चुनाव है। हालांकि, नारी शक्ति अधिनियम नाम का यह बिल अभी लागू नहीं हुआ है।
अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले 10 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री कलिखो पुल की पत्नी दासांगलू पुल भी हैं। वह हयुलियांग विधानसभा सीट से निर्विरोध चुनी गई हैं। दासांगलू का निर्विरोध निर्वाचन उनके एकमात्र प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के बाफुत्सो क्रोंग की नामांकन वापसी के बाद हुआ। उन्हें लोग अंजॉ जिले की 'आयरन लेडी' के रूप में जानते हैं। दासांगलू अपने पति कलिखो के असामयिक निधन के बाद से हयुलियांग की विधायक हैं। वह पहली बार 2016 में विधायक बनी थीं।
142 उम्मीदवारों में से 98 राष्ट्रीय दलों से
इस बीच एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने चुनाव लड़ने वाले 143 में से 142 उम्मीदवारों के शपथपत्रों का विश्लेषण किया है। निर्वाचन क्षेत्र सागली से भाजपा के एक उम्मीदवार रातू तेची का शपथपत्र स्पष्ट ना होने के कारण उनका विश्लेषण नहीं किया गया है। 142 उम्मीदवारों में से 98 राष्ट्रीय दलों से, 27 राज्य दलों से, चार गैर मान्यता प्राप्त दलों से और 13 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़ा।
एडीआर ने अपनी रिपोर्ट में उम्मीदवारों द्वारा घोषित वित्तीय, आपराधिक, शिक्षा, लिंग एंव अन्य विवरणों के आधार पर विश्लेषण तैयार किया है। 142 में से 23 (16%) आपराधिक मामलों वाले उम्मीदवार हैं। इनमें से 20 (14%) गंभीर आपराधिक मामलों वाले प्रत्याशी हैं। 18.13 करोड़ उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति है। वहीं 115 (81%) करोड़पति उम्मीदवार हैं।
उम्मीदवारों के ऊपर आपराधिक मामले
एडीआर ने उम्मीदवारों द्वारा घोषित आपराधिक मामले दलवार आंकड़े दिए हैं। भाजपा के 59 में से 11, कांग्रेस के 19 में से चार, एनसीपी के 15 में से तीन, पीपल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल के 11 में से दो, नेशनल पीपल्स पार्टी के 20 में से दो और 13 में से एक निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किए हैं।
वहीं भाजपा के 59 में से नौ, कांग्रेस के 19 में से चार, एनसीपी के 15 में से तीन, पीपल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल के 11 में से दो और 20 में से दो नेशनल पीपल्स पार्टी के उम्मीदवारों ने अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं।
दो उम्मीदवारों ने महिलाओं के ऊपर अत्याचार से जुड़ा मामले घोषित किए हैं। इनमें से एक उम्मीदवार ने अपने ऊपर दुष्कर्म (आईपीसी-376) और एक उम्मीदवार ने अपने ऊपर स्त्री की लज्जा भंग करने के आशय से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग (आईपीसी-354) से जुड़ा मामला घोषित किया हैं।
करोड़पति उम्मीदवार
142 में से 115 (81 प्रतिशत) करोड़पति उम्मीदवार हैं। अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2019 में 184 में से 131 (71 प्रतिशत) उम्मीदवार करोड़पति थे। भाजपा के 59 में से 57, नेशनल पीपल्स पार्टी के 20 में से 16, कांग्रेस के 19 में से 13 और 11 में से नौ पीपल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल के उम्मीदवार करोड़पति हैं। इन सभी प्रत्याशियों ने संपत्ति एक करोड़ से ज्यादा संपत्ति घोषित की है।
अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2024 में उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 18.13 करोड़ है। अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2019 में 184 उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति ₹ 9.86 करोड़ थी। मुख्य दलों में भाजपा के 59 उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 26.05 करोड़ है, नेशनल पीपल्स पार्टी के 20 उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 16.95 करोड़, कांग्रेस के 19 उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति ₹ 6.89 करोड़ और पीपल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल के 11 उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति ₹ 8.95 करोड़ है।
उम्मीदवारों की संपत्ति
|
संपत्ति |
उम्मीदवारों |
उम्मीदवारों का % |
|
रु. 5 करोड़ और उससे अधिक |
62 |
42% |
|
रु. 2 करोड़ से रु. 5 करोड़ |
24 |
16% |
|
रु. 50 लाख से रु. 2 करोड़ |
30 |
21% |
|
रु. 10 लाख से रु. 50 लाख |
14 |
10% |
|
रु. 10 लाख से भी कम |
16 |
11% |
मुख्यमंत्री पेमा खांडू सबसे अमीर उम्मीदवार
अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2024 में सबसे ज्यादा संपत्ति घोषित करने वाले शीर्ष तीन उम्मीदवारों में खुद मुख्यमंत्री पेमा खांडू शामिल हैं। वह तवांग जिले के मुक्तो निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। पेमा खांडू ने अपनी संपत्ति 332 करोड़ घोषित की है। पूर्वी सियांग जिले की मेबो (एसटी) से भाजपा के लोम्बो तायेंग दूसरे सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। लोम्बो ने अपनी संपत्ति 171 करोड़ बताई है। एनसीपी के निख कामिन अरुणाचल प्रदेश विधानसभा 2024 के तीसरे सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। चांगलांग जिले की बोर्डुम्सा-दियुम से चुनाव लड़ने वाले कामिन ने 153 करोड़ संपत्ति बताई है।
63% उम्मीदवारों की शैक्षिक योग्यता कम से कम स्नातक
उम्मीदवारों की शैक्षिक योग्यता देखें तो 46 (32 प्रतिशत) ने अपनी शैक्षिक योग्यता 5वीं और 12वीं के बीच घोषित की हैं, जबकि 90 (63 प्रतिशत) उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता स्नातक और इससे ज्यादा घोषित की हैं। एक उम्मीदवार ने अपनी शैक्षिक योग्यता डिप्लोमा धारक घोषित की है। पांच उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता असाक्षर घोषित की हैं।
उम्मीदवारों की आयु पर गौर करें तो 24 (17 प्रतिशत) उम्मीदवारों ने अपनी आयु 25 से 40 वर्ष के बीच घोषित की है। 104 (73 प्रतिशत) उम्मीदवारों ने अपनी आयु 41 से 60 वर्ष के बीच घोषित की है। 14 (10 प्रतिशत) उम्मीदवारों ने अपनी आयु 61 से 80 वर्ष के बीच घोषित की है।