समय को प्रबंधित करें
संतुलन बनाने के लिए सबसे पहले आपको अपनी सहूलियत के हिसाब से समय का विभाजन करना होगा। आपको अपना कीमती समय उन जरूरी कामों को देना होगा, जो आपके लिए वास्तव में महत्वपूर्ण हैं। इसलिए अपनी पढ़ाई और अन्य गतिविधियों को संतुलित करने के लिए किसी विशेष रोडमैप का पालन करना करें या खुद की रणनीति बनाएं। इसके लिए आप शिक्षक, माता-पिता या बड़ों की मदद ले सकते हैं।
योजना भी बनाएं
अपने दैनिक कार्यों की एक टू-डू सूची बनाएं। इससे आपको जरूरी कार्यों को पूरा करने व अगले कार्य को समय पर शुरू और खत्म करने में मदद मिलेगी। टू-ड् सूची आप किसी स्टिकी नोट्स या छोटी डायरी में भी बना सकते है। आपकी पढ़ाई के समय और अन्य गतिविधियों के लिए आपकी योजना इतनी लचीली होनी चाहिए कि आप इसे बिना किसी बाधा, तनाव या दबाव के पूरा कर सकें।
अकादमिक पर ध्यान दें
अकादमिक और अन्य गतिविधियों के बीच संतुलन बनाने के दौरान आपको अकादमिक को ज्यादा प्राथमिकता देनी चाहिए। पढ़ाई पूरी करने के बाद जब आप कोई दूसरा काम करेंगे, तो आपको तनाव या दबाव महसूस नहीं होगा और आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। साथ ही, आपकी उत्पादकता भी बढ़ेगी।
नकारने से न डरें
अगर आपके पास समय नहीं है या पाठ्येतर गतिविधियां आपके अनुकूल नहीं हैं, तो उनमें शामिल होने से मना करने में परहेज न करें। आप इनमें अपने जीवन का बहुमूल्य समय देते हैं। ऐसे में अपने लिए सबसे उपयुक्त विकल्प की पहचान करें, जो आपके लिए लाभदायक और भविष्य के लिहाज से उपयोगी हो।
सही पहचान है जरूरी
आपको किसी ऐसी गतिविधि में शामिल होने पर जोर देना चाहिए, जिसमें न सिर्फ मजा आए, बल्कि वह आपकी पढ़ाई से भी जुड़ा हो। आप ऐसी गतिविधियों का चुनाव भी कर सकते हैं, जो करिअर के लिहाज से भी उपयोगी हों। ऐसे में इनका सही चुनाव करना महत्वपूर्ण हो जाता है।