वर्ल्ड बैंक की ओर से यंग प्रोफेशनल्स प्रोग्राम (वाईपीपी)-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। यह वैश्विक विकास के क्षेत्र में कॅरिअर बनाने की इच्छा रखने वाले प्रतिभाशाली युवा पेशेवरों के लिए एक प्रतिष्ठित नेतृत्व विकास कार्यक्रम है। चयनित प्रतिभागियों को अपनी तकनीकी विशेषज्ञता और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने का अवसर मिलेगा। उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करने के साथ गरीबी उन्मूलन, आर्थिक विकास और सतत विकास जैसी वैश्विक चुनौतियों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में योगदान करने का मौका मिलेगा।
इस प्रोग्राम के लिए उम्मीदवार का वर्ल्ड बैंक ग्रुप के किसी सदस्य देश का नागरिक होना आवश्यक है, जिसका प्रमाण आधिकारिक पासपोर्ट या उसके समकक्ष वैध दस्तावेज से देना होगा। उम्मीदवार ने सितंबर में कार्यक्रम शुरू होने की निर्धारित तिथि से पहले संबंधित क्षेत्र में मास्टर डिग्री या उससे उच्च योग्यता प्राप्त कर ली हो। उनके पास संबंधित क्षेत्र में दो से छह वर्ष का प्रासंगिक पेशेवर अनुभव हो। इसके अलावा, उम्मीदवार को अंग्रेजी बोलने और लिखने में अच्छी दक्षता होनी चाहिए, जबकि अन्य भाषाओं का ज्ञान अतिरिक्त लाभ माना जाएगा।
यह प्रोग्राम प्रतिभागियों को वर्ल्ड बैंक, आईएफसी और एमआईजीए में काम करने और वैश्विक स्तर पर विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का अनुभव हासिल करने का अवसर देता है। प्रतिभागियों को विशेष मेंटरशिप के साथ-साथ वरिष्ठ लीडर्स के साथ सीधे काम करने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है, जिससे उनके नेतृत्व कौशल और पेशेवर नेटवर्क को मजबूत करने में मदद मिलती है। इसमें ऑनबोर्डिंग, भाषा प्रशिक्षण, बिजनेस और लीडरशिप स्किल्स, ऑपरेशनल ट्रेनिंग और मेंटरिंग शामिल हैं।