पश्चिम बंगाल में बारहवीं कक्षा की शेष परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। लॉकडाउन की वजह से स्थगित हुई बारहवीं कक्षा की शेष परीक्षाएं अब सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए 29 जून से आयोजित होंगी। इस बात की जानकारी सूबे के शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी ने दी। उन्होंने कहा कि 12वीं कक्षा की स्थगित परीक्षाएं 29 जून, 2 जुलाई और 6 जुलाई को आयोजित की जाएंगी। परीक्षाओं के आयोजन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।
गौरतलब है कि लॉकडाउन की वजह से बारहवीं कक्षा की 23 मार्च, 25 मार्च और 27 मार्च को होने वाली परीक्षाएं स्थगित हो गई थीं। अब ये परीक्षाएं 29 जून, 2 जुलाई और 6 जुलाई को होंगी। हालांकि अभी शिक्षा विभाग को सरकारी की तरफ से परीक्षाओं के आयोजन को लेकर कोई आधिकारिक नोटिस नहीं मिला है।पश्चिम बंगाल काउंसिल ऑफ हायर सेकेंड्री एजुकेशन के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि परीक्षा को लेकर अभी सूबे की सरकार की तरफ से कोई नोटिस नहीं आया है।
पश्चिम बंगाल में बारहवीं कक्षा के फिजिक्स, न्यूट्रिशियन, एजुकेशन, अकाउंटेंसी, केमिस्ट्री, इकोनॉमिक्स, जर्नलिज्म, संस्कृत, पर्सियन, अरेबिक, फ्रेंच, स्टैट्स, ज्योग्राफी, कोस्टिंग एंड टैक्सेशन, होम मैनेजमेंट और फैमिली रिसोर्स मैनेजेमेंट परीक्षाएं स्थगित हुई थीं। परीक्षाओं की तारीख को लेकर आधिकारिक शेड्यूल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होगा।
गौरतलब है कि इस वक्त देश में कोरोना वायरस से बचाव के लिए चौथे चरण का लॉकडाउन चल रहा है। लॉकडाउन की वजह से स्कूल, कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थान बंद हैं। पहले, दूसरे और तीसरे चरण के लॉकडाउन के दौरान कई परीक्षाओं को स्थगित किया गया है।