उत्तराखंड सरकार ने सभी सरकारी और निजी कॉलेजों को ऑनलाइन कक्षा शुरू करने का निर्देश दिया है। सरकार ने सभी शिक्षण संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों को 21 अप्रैल से नियमित ऑनलाइन कक्षा शुरू करने का आादेश दिया ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। सरकार ने यह आदेश शुक्रवार को दिया। सरकार ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए सूबे में सभी शैक्षणिक संस्थान बंद है जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऐसे में सभी शैक्षणिक संस्थानों को 21 अप्रैल से नियमित ऑनलाइन कक्षा शुरू करने की सलाह दी गई है।
सरकार की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि स्काइप, गूगल मीट, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स और जूम इत्यादि प्लेटफॉर्म पर सभी शैक्षणिक संस्थान 21 अप्रैल से नियमित और टाइम टेबल के हिसाब से ऑनलाइन कक्षा शुरू करें। गौरतलब है कि इस वक्त देश में कोरोना वायरस से बचाव के लिए लॉकडाउन का दूसरा चरण चल रहा है जो कि तीन मई तक है। लॉकडाउन की वजह से सभी शैक्षणिक संस्थान बंद हैं और विद्यार्थियों को पढ़ाई में दिक्कत हो रही है। कई राज्यों में निजी कॉलेजों में पहले से ही विद्यार्थियों को ऑनलाइन कक्षा दी जा रही है।
उत्तराखंड सरकार का कहना है कि सरकारी और निजी कॉलेज विद्यार्थियों के साथ टाइम टेबल एसएमएस और व्हॉट्सएप के जरिए शेयर कर सकते हैं। प्रिंसिपल और प्रोफेसर इस बात का ध्यान रखें। इसके अलावा, विद्यार्थियों को व्हॉट्सएप और ईमेल के जरिए अध्ययन सामग्री दी जा सकती है। कॉलेज अपनी वेबसाइट और यूट्यूब पर भी अध्ययन सामग्री अपलोड कर सकते हैं।