लगातार परेशान करती रही वेबसाइट
मंगलवार शाम दोबारा शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया पूरी रात और बुधवार को पूरे दिन रुक-रुककर चलती रही। पंजीकरण के दौरान अभ्यर्थियों ने जैसे ही केंद्र भरने के बाद फार्म समिट करने के लिए क्लिक किया, एरर दिखाने लगा और स्क्रीन से सबकुछ गायब हो गया। अभ्यर्थियों को दोबारा पूरी प्रक्रिया करनी पड़ी। यह प्रक्रिया कई बार दोहराने के बाद आखिर में अभ्यर्थी आवेदन करने में सफल रहे। वेबसाइट पर लोड कम करने के लिए यूपी डेस्को एवं एनआईसी की ओर से सर्वर को चार भागों में बांटकर दोबारा पंजीकरण शुरू किया गया। इसके बाद भी हर अभ्यर्थी को आवेदन की जल्दी के चलते वेबसाइट लगातार परेशान करती रही।
फीस नहीं जमा होने से बढ़ी चिंता
आवेदन करने वालों की शिकायत रही कि कई प्रयास के बाद आखिर में पंजीकरण तो पूरा कर लिया परंतु फीस जमा करने में लगातार परेशानी बनी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि पंजीकरण के बाद यदि फीस नहीं जमा हुई तो क्या होगा। कई अभ्यर्थी यह शिकायत करते रहे कि ऑनलाइन ट्रांजेक्शन में खाते से पैसा कट जाने के बाद भी उन्हें रसीद नहीं मिली। इस कारण अभ्यर्थी परेशान हैं।
नहीं बढ़ी तिथि, आज अंतिम मौका
सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से यूपी टीईटी के लिए ऑन लाइन पंजीकरण की चार अक्तूबर अंतिम तिथि तय की गई है। आवेदन के बीच में पूरे आठ दिन वेबसाइट और सर्वर ठप रहने के कारण सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी की ओर से शासन के पास आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने केलिए पत्र लिखा गया था, अभी तक शासन की ओर से अंतिम तिथि बढ़ाने पर कोई फैसला नहीं होने से आवेदन करने वालों में चिंता है कि कहीं तिथि आगे नहीं बढ़ी तो क्या होगा। छात्रों ने शासन से अंतिम तिथि 15 दिन आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है, जबकि सचिव परीक्षा नियामक की ओर से सप्ताह भर अंतिम तिथि आगे बढ़ाने का आग्रह किया गया है।