संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2019 के लिए साक्षात्कार अनुसूची जारी कर दी है। सिविल सेवा परीक्षा के लिए मार्च में साक्षात्कार लॉकडाउन की घोषणा के कारण स्थगित कर दिए गए थे। अब आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार की तारीख की घोषणा कर दी है। लॉकडाउन की वजह से जिन अभ्यर्थियों का साक्षात्कार नहीं हो पाया था, उनका इंटरव्यू 20 जुलाई से लेकर 30 जुलाई के बीच आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों का साक्षात्कार नौ दिनों में आयोजित होगा। अभ्यर्थी यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in के जरिए अपने साक्षात्कार की तारीख देख सकते हैं।
इसे भी पढ़ें-जानिए क्या है राष्ट्रीय पठन दिवस? 19 जून को क्यों मनाया जाता है?
यूपीएससी द्वारा जारी शेड्यूल में अभ्यर्थी के रोल नंबर के सामने उसके साक्षात्कार की तारीख और वक्त दिया होगा। सिविल सेवा परीक्षा 2019 के शेष साक्षात्कार 20 जुलाई से शुरू होंगे। इससे पहले ये साक्षात्कार 23 मार्च से लेकर 3 अप्रैल के बीच आयोजित होने थे, लेकिन कोरोना वायरस से रोकथाम के लिए लॉकडाउन की घोषणा के कारण इनको स्थगित कर दिया गया था। सिविल सेवा परीक्षा 2019 के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया 17 फरवरी से शुरू हुई थी। यूपीएससी मुख्य परीक्षा में कुल 2304 उम्मीदवार सफल हुए थे। आपको बता दें कि यूपीएससी की अधिसूचना के मुताबिक, सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2020 अब 4 अक्टूबर को आयोजित होगी। इससे पहले यह परीक्षा 31 मई को आयोजित की जानी थी, लेकिन लॉकडाउन की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया था।