UPPCS Prelims Exam 2020: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस प्रीलिम्स परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र के शहर के चुनाव की तारीख आगे बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 10 सितंबर तक तीन परीक्षा केंद्रों के शहर का चुनाव कर सकते हैं। इससे पहले तक अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र के जिलों का विकल्प देने की अंतिम तिथि सात सितंबर निर्धारित की गई थी। ऐसे में अभी तक जिन अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्रों के शहर का चुनाव नहीं किया है, वो आधिकारिक वेबसाइट के जरिए नजदीकी परीक्षा केंद्र चुन सकता है।
इसे भी पढ़ें-International Literacy Day 2020: जानिए क्यों मनाया जाता है विश्व साक्षरता दिवस?
दरअसल, यूपीपीएससी ने पीसीएस/एसीएफ/आरपीएफ (प्री) परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र के शहर का विकल्प चुनने की आखिरी तारीख आगे बढ़ाकर दस सितंबर कर दिया है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो। बता दें कि अभ्यर्थियों को अपने पसंदीदा परीक्षा शहर का चुनाव आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए 19 जनपदों में से ही करना होगा। इन जनपदों में आगरा, अयोध्या, आजमगढ़, बाराबंकी, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, जौनपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मथुरा, मेरठ, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, रायबरेली, सीतापुर और वाराणसी शामिल हैं।
अभ्यर्थी समय रहते हुए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in के जरिए अपने पसंदीदा तीन परीक्षा केंद्रों के शहर चुन सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर जाना होगा जहां उनको होम पेज पर ही परीक्षा केंद्र का शहर बदलने का लिंक मिलेगा। जिस पर क्लिक करने के बाद अभ्यर्थी अपने विवरण डालकर परीक्षा केंद्र का शहर बदल सकते हैं।