उत्तर प्रदेश में पहली से लेकर आठवीं कक्षा तक के स्कूल 24 मार्च से लेकर 31 मार्च तक बंद रहेंगे। वहीं, नौवीं से लेकर बारहवीं कक्षा तक के स्कूल 25 मार्च से लेकर 31 मार्च तक बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार शाम बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर यह निर्णय लिया। यह निर्णय सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों पर लागू होगा। कोरोना वायरस के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया गया है।
हालांकि, इस दौरान स्कूलों में चल रही नौवीं व ग्यारहवीं कक्षा की परीक्षाओं का आयोजन जारी रहेगा। इन परीक्षाओं का आयोजन कोरोना वायरस के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली से लेकर आठवीं तक के सभी परिषदीय एवं निजी विद्यालयों में 24 से 31 मार्च तक होली अवकाश रहेगा। शेष शिक्षण संस्थानों में जहां परीक्षाएं नहीं हो रही हैं, यह अवकाश 25 से 31 मार्च तक होगा। गौरतलब है कि सोमवार को सूूबे में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 542 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 177 मरीजों को उपचार के बाद घर भेजा गया है। सूबे में अब तक 5,95,920 संक्रमितों को उपचार के बाद घर भेजा जा चुका है। एक मरीज की मौत भी हुई है।