UP Scholarship: उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति योजना का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया आज, 11 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है। छात्र निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन कर सकेंगे।
विभाग ने 20 जुलाई 2026 को इस संबंध में दो सरकारी आदेश जारी किए थे। पहला आदेश प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक इंटरमीडिएट छात्रवृत्ति (कक्षा 9 से 12) के लिए है। वहीं दूसरा आदेश दशमोत्तर छात्रवृत्ति से जुड़ा है, जिसका लाभ स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, आईटीआई और अन्य उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों में पढ़ रहे छात्रों को मिलेगा। ये छात्रवृत्तियां सामान्य, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्रों को प्रदान की जाती हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
- कक्षा 9 से 12 के छात्र: कक्षा 10 और 12 के वे छात्र जो पहले से छात्रवृत्ति प्राप्त कर रहे हैं, 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक नवीनीकरण (Renewal) के लिए आवेदन कर सकते हैं। कक्षा 9 और 11 के छात्र, जो पहली बार आवेदन कर रहे हैं, 11 अगस्त से 21 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
- कक्षा 12 से ऊपर: स्नातक (UG), स्नातकोत्तर (PG), डिप्लोमा, आईटीआई और अन्य उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों में पढ़ रहे छात्र दशमोत्तर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं। नवीनीकरण कराने वाले छात्र 15 सितंबर से 15 अक्तूबर 2026 तक पंजीकरण और दस्तावेज जमा कर सकेंगे। नए छात्र 15 सितंबर से 31 अक्तूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे।
क्या है पात्रता की शर्तें?
आवेदक उत्तर प्रदेश का निवासी होना चाहिए। छात्र किसी मान्यता प्राप्त स्कूल, कॉलेज या संस्थान में अध्ययनरत हो। सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र आवेदन कर सकते हैं। छात्र के नाम से बैंक खाता होना चाहिए। आवेदन के समय आवश्यक शैक्षिक और अन्य दस्तावेज उपलब्ध होने चाहिए।