पहले 1 सितंबर थी अंतिम तारीख
यूपीएसएसएससी ने पीईटी 2026 का विज्ञापन 1 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसके तहत पंजीकरण, ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 3 अगस्त 2026 से शुरू हुई थी। पहले पंजीकरण, शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तारीख 1 सितंबर 2026 निर्धारित की गई थी।
अब आयोग ने उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय देते हुए आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तारीख को बढ़ाकर 7 सितंबर 2026 कर दिया है। यानी जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास अब आवेदन पूरा करने के लिए कुछ और दिन हैं।
पीईटी 2026 की आवेदन प्रक्रिया का नया शेड्यूल
| प्रक्रिया |
संशोधित तारीख |
| पंजीकरण/आवेदन और शुल्क जमा करने की शुरुआत |
3 अगस्त 2026 |
| पंजीकरण/शुल्क जमा करने/ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख |
7 सितंबर 2026 |
| शुल्क समायोजन और आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख |
8 सितंबर 2026 |
अब 7 सितंबर तक पूरा कर लें आवेदन
जिन उम्मीदवारों ने अभी तक यूपी पीईटी 2026 के लिए पंजीकरण नहीं किया है, वे संशोधित समय-सीमा के भीतर अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। उम्मीदवारों को पंजीकरण के साथ निर्धारित शुल्क जमा करना होगा और ऑनलाइन आवेदन पत्र भी तय समय में सबमिट करना होगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अन्य शर्तें, आवेदन शुल्क, चयन का आधार और विज्ञापन में पहले से जारी पात्रता संबंधी नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। तारीखों में किया गया यह बदलाव केवल आवेदन की अंतिम समय-सीमा से संबंधित है।
आवेदन में गलती है तो 8 सितंबर तक सुधार का मौका
जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, उनके लिए भी जरूरी अपडेट है। आयोग ने शुल्क समायोजन और आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 8 सितंबर 2026 निर्धारित की है। इसलिए आवेदन जमा करने वाले उम्मीदवार अपने फॉर्म में दर्ज जानकारी को एक बार जरूर जांच लें।
नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक जानकारी, श्रेणी या अन्य विवरण में किसी तरह की गलती होने पर निर्धारित संशोधन अवधि के भीतर जरूरी सुधार किया जा सकता है। हालांकि, उम्मीदवारों को संशोधन से पहले आयोग की ओर से निर्धारित नियमों को ध्यान से देख लेना चाहिए।
अभ्यर्थियों ने की थी ये शिकायतें
गौरतबल है कि अंतिम तिथि के करीब आने पर कई अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई थी। उनका दावा था कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान वेबसाइट पर बार-बार तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे वे आवेदन पूरा नहीं कर पा रहे हैं। कई अभ्यर्थियों ने तो सोशल मीडिया पर समस्या का जिक्र करते हुए अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग भी की थी।
ऐसे में अंतिम तिथि आगे बढ़ने की खबर इन अभ्यर्थियों के लिए राहत लेकर आई है। लेकिन अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें, जल्द से जल्द अपना फॉर्म भरकर सबमिट कर दे।