जिन उम्मीदवारों ने उत्तर प्रदेश के सरकारी और प्राइवेट आइटीआई में इस साल प्रवेश के लिए आवेदन किया है, वे अपना नाम पहली आवंटन सूची में देखने के लिए आधिकारिक वेबसाइट, scvtup.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद की तरफ से राज्य के सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2023-24 एक वर्षीय और सत्र 2023-25 द्विवर्षीय पाठ्यक्रम के पहले चरण का परिणाम जारी कर दिया गया है।
एससीवीटी यूपी की पहली आवंटन सूची में शामिल छात्रों को निर्देश दिए हैं कि वे आवंटित संस्थान में 3 अगस्त 2023 तक प्रवेश ले सकते हैं। इसके लिए छात्रों को निर्धारित फीस का भुगतान करना होगा। बता दें कि यूपी के सरकारी और प्राइवेट आइटीआइ में एडमिशन के लिए आवेदन प्रक्रिया 9 जून से 10 जुलाई 2023 तक संचालित की गई थी। जिसमें कोर्सेस के लिए योग्यता व्यवसाय के मुताबिक 8वीं और 10वीं पास है। छात्र—छात्राओं की मेरिट सूची उनके क्वालिफाईंग एग्जाम के नंबरों के आधार पर तैयार हुई है।