यूपीसीईटी : उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
कोरोना महामारी के प्रकोप के कारण देश की वर्तमान परिस्थितियों को मद्देनजर रखते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (यूपीसीईटी) 2021 की आवेदन तिथि आगे बढ़ा दी है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के इस निर्णय से हजारों युवाओं को राहत मिली है। एनटीए ने आधिकारिक वेबसाइट पर अधिसूचना जारी कर इसकी जानकारी दी है। बता दें यह परीक्षा 15 जून 2021 को आयोजित होने वाली थी। लेकिन परीक्षार्थियों की भारी संख्या और कोरोना महामारी के कारण अभ्यर्थियों को होने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा को कुछ समय के लिए टालने का फैसला किया गया है।
इस तारीख तक कर सकते हैं आवेदन
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी, एनटीए ने यूपीसीईटी 2021 के लिए पंजीकरण की तारीख बढ़ा दी है। ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 20 जून, 2021 शाम 5 बजे तक बढ़ा दी गई है। उम्मीदवार आधिकारिक नोटिस एनटीए की आधिकारिक साइट nta.ac.in पर देख सकते हैं। बता दें इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित की गई थी। वहीं परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी 31 मई 2021 कर दी गई थी।