परीक्षा केंद्र पर इस समय तक जरूर पहुंच जाएं
बोर्ड ने साफ निर्देश दिया है कि परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचें। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) के अनुसार, सुबह 8:30 बजे शुरू होने वाली परीक्षा के लिए केंद्र के गेट आधे घंटे पहले बंद कर दिए जाएंगे। इसलिए देर से पहुंचने का जोखिम बिल्कुल न लें।
52 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी होंगे शामिल
इस वर्ष बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 52,30,297 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है।
कक्षा 10 (हाईस्कूल)
- कुल छात्र: 27,50,945
- लड़के: 14,38,682
- लड़कियां: 13,12,263
कक्षा 12 (इंटरमीडिएट)
- कुल छात्र: 24,79,352
- लड़के: 13,03,012
- लड़कियां: 11,76,340
इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए बोर्ड ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं और विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
यूपी बोर्ड डेटशीट 2026 पीडीएफ...
परीक्षा केंद्र जाने से पहले ये 10 बातें याद रखें
परीक्षा हॉल में छोटी सी गलती भी परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए इन निर्देशों को गंभीरता से लें:
- एडमिट कार्ड और स्कूल आईडी अनिवार्य रूप से साथ रखें।
- कम से कम एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें।
- बैग और जेबें जांच लें, कोई पर्ची या नोट्स न हों।
- मोबाइल, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बिल्कुल न ले जाएं।
- सीट पर बैठने से पहले आसपास जांच कर लें कि कोई अवांछित कागज न हो।
- कॉपी मिलने पर नाम, रोल नंबर और अन्य विवरण सावधानी से भरें और दोबारा जांच लें।
- उत्तर पुस्तिका में कोई पन्ना फटा हो तो तुरंत बदलवाएं।
- पहले आसान प्रश्न हल करें, फिर लंबे उत्तर लिखें।
- बी या सी कॉपी ली हो तो अंत में उसे सही तरीके से नत्थी करना न भूलें।
- उत्तर पुस्तिका पर यूनिक कोड (केंद्र कोड) की मुहर लगना अनिवार्य है।
परीक्षा से पहले क्या रखें ध्यान?
घबराहट स्वाभाविक है, लेकिन जल्दबाजी में नियम तोड़ना या लापरवाही करना भारी पड़ सकता है। समय प्रबंधन, जरूरी दस्तावेज और निर्देशों का पालन बहुत जरूरी है। आज से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की परीक्षा लाखों छात्रों के भविष्य की दिशा तय करेगी। इसलिए केंद्र पर समय से पहुंचें, नियमों का पालन करें और पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें।