यूपीएमएसपी की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जारी अधिसूचना के अनुसार, सभी संस्थागत छात्रों का रजिस्ट्रेशन समय पर करवाना अनिवार्य है। जारी अधिसूचना के अनुसार व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए आवेदन भरने हेतु अलग से समय सारिणी जारी की जाएगी। स्कूल के प्रधानाचार्य परीक्षा शुल्क एकमुश्त चालान के जरिए 10 अगस्त 2025 तक कोषागार में जमा कर सकेंगे।
10 अगस्त के बाद देना होगा विलंब शुल्क
प्रधानाचार्य 16 अगस्त तक यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर छात्रों का परीक्षा शुल्क और शैक्षिक जानकारी अपलोड कर सकेंगे। 10 अगस्त 2025 के बाद परीक्षा शुल्क जमा करने पर प्रत्येक छात्र से ₹100 का विलंब शुल्क लिया जाएगा।
विलंब शुल्क सहित परीक्षा शुल्क चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त है। विलंब शुल्क सहित परीक्षा शुल्क चालान जमा करने तथा वेबसाइट पर विवरण अपलोड करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त है।
UP Board Exam 2026: छात्रों के विवरण में सुधार करने की डेट
21 से 30 अगस्त तक, स्कूलों को वेबसाइट पर अपलोड किए गए छात्रों के विवरण की जांच करनी होगी। इसमें नाम, माता/पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय, फोटो आदि की गहन जांच शामिल होगी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सभी विवरण सही हैं।
यदि किसी छात्र की जानकारी में सुधार आवश्यक हो, तो प्रधानाचार्य केवल 1 से 10 सितंबर के बीच ही सुधार कर सकेंगे। इस दौरान किसी भी नए छात्र की जानकारी वेबसाइट पर अपलोड नहीं की जाएगी, केवल सुधार की अनुमति होगी।
इसके अलावा, संस्थानों को अपने पंजीकृत छात्रों की फोटो सूची और अन्य प्रासंगिक दस्तावेजों की एक प्रति क्षेत्रीय कार्यालयों को भेजनी होगी, जिसकी अंतिम तिथि यूपी बोर्ड द्वारा 30 सितंबर 2025 निर्धारित की गई है।