यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की कॉपियों का मूल्यांकन आज से शुरू हो रहा है। प्रदेश के 247 मूल्यांकन केंद्रों में हाईस्कूल की दो करोड़ 17 लाख सात हजार 879 और इंटरमीडिएट की दो करोड़ 90 लाख 84 हजार 556 कॉपियों का मूल्यांकन किया जाना है। शिक्षक प्रतिदिन हाईस्कूल की 50 और इंटरमीडिएट की 45 कॉपियों को जांचेंगे।
मूल्यांकन के लिए शुक्रवार शाम तक सभी केंद्रों में कॉपियों का बंडल पहुंचा दिया गया। इलाहाबाद के नौ केंद्रों में 23 लाख 45 हजार 513 कॉपियों का मूल्यांकन किया जाएगा। अग्रसेन इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की 283732, केपी इंटर कॉलेज 192785, भारत स्काउट एंड गाइड 151979 एवं क्रास्थवेट गर्ल्स इंटर कॉलेज 150086 कॉपियों जांच जाएंगी।
वहीं, केसर विद्यापीठ इंटर कॉलेज हाईस्कूल की 181627, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज 281996, सीएवी इंटर कॉलेज 389804, राजकीय इंटर कॉलेज 499791 और जमुना क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की 213713 कॉपियों का मूल्यांकन किया जाएगा।
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव नीना श्रीवास्तव ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मूल्यांकन के लिए सभी परीक्षकों एवं उप प्रधान परीक्षकों को 17 मार्च को सुबह दस बजे तक केंद्रों में पहुंचने के लिए कहा गया है।