उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा 2020 (UP Board Exam 2020) को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा को पूरी तरह नकल रहित बनाने पर खास ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए समय-समय पर बैठकें हो रही हैं, और जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं।
इस बार बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र बनाए गए स्कूलों को एक सप्ताह के अंदर अपने ऑडियो-वीडियो कैमरे दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर संबंधित स्कूल ऐसा नहीं करते तो उन्हें परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। यानी उस केंद्र को रद्द भी किया जा सकता है।
यूपी बोर्ड 2020 की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 15 दिसंबर 2019 से शुरू होंगी। दो चरणों में होने वाली प्रयोगात्मक परीक्षाएं 13 जनवरी तक पूरी होंगी। बोर्ड सचिव नीना श्रीवास्तव की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि पहले चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 15 से 29 दिसंबर के बीच होंगी। इसमें आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, फैजाबाद, मिर्जापुर, देवीपाटन एवं बस्ती मंडल के छात्र-छात्राएं होंगे। 30 दिसंबर से 13 जनवरी के बीच दूसरे चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी, इसमें अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, आजमगढ़, वाराणसी तथा गोरखपुर मंडल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी।