शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने शुक्रवार को आईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रोफेसर वी रामगोपाल राव से भेंट की। शिक्षा मंत्री ने कोरोना वायरस की टेस्टिंग किट का निर्माण करने वाली टीम से भेंट कर बधाई दी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जैसे विभिन्न संस्थान कोरोना वायरस को रोकने के लिए शोध कर रहे हैं। इस विषाणु से लड़ने के लिए शोध में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि आईआईटी दिल्ली ने कम लागत पर एक परीक्षण किट बनाई है जिसके लिए अभी तक हम दूसरे देशों पर निर्भर थे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि वो आईआईटी दिल्ली के निदेशक और उनकी टीम को बधाई देते हैं कि आईसीएमआर ने उनकी टेस्टिंग किट को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि यह भारत में बनी पहली कोरोना टेस्टिंग किट है जो कम वक्त और सस्ते में रिजल्ट देती है।
शिक्षा मंत्री ने अपने ट्वीट के जरिए इस मुलाकात की सूचना दी। गौरतलब है कि इस वक्त देश में कोरोना वायरस से बचाव के लिए दूसरे चरण का लॉकडाउन चल रहा है जो कि तीन मई तक है। उन्होंने कहा कि आईआईटी दिल्ली की तरफ से बनाई गई किट कम वक्त में शत प्रतिशत रिजल्ट देने वाली है।