उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं-12वीं परीक्षाओं को लेकर अभी भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। शेष परीक्षाओं की तिथि की जानकारी अभी तक जारी नहीं हई है। हाल ही में उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बैठक हुई, जिसमें 25 जून से पहले हाईस्कूल व इंटर बोर्ड की शेष परीक्षाएं संपन्न कराने का सुझाव दिया गया है। बैठक में शिक्षा निदेशक माध्यमिक आरके कुंवर, बोर्ड सचिव डॉ. नीता तिवारी, अपर सचिव ब्रजमोहन रावत, संयुक्त सचिव केके वाष्णेय, जनसंपर्क ऑफिसर एसपीएस नेगी, अपर सचिव नवीन पाठक, मुख्य शिक्षाधिकारी आरसी आर्या, बीईओ आरएस नेगी, एबीईओ गीतिका जोशी आदि थे। बता दें कि परीक्षाओं का कार्यक्रम एक-दो दिन में जारी हो जाएगा।
मुख्य जानकारी
- शिक्षा परिषद की बैठक बंद सभागार में 4 जून दिन बृहस्पतिवार को नवीन अनाज मंडी विश्राम गृह में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
- इस बैठक में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन किया गया है। इस बैठक में बोर्ड के सभी सदस्य व अधिकारी मौजूद रहे।
- उसके बाद पत्रकार वार्ता में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि हाईस्कूल और इंटर कक्षा की जो परीक्षा अधूरी रह गई हैं।
- उसकी परीक्षाएं 25 जून से पहले कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए सभी तैयारियां आरंभ करने का निर्देश दिया जा चुका है।
- इसके अलावा उन्होंने कहा पहले संपन्न हो चुकी परीक्षा में जो सेंटर थे, उन्हीं परीक्षा सेंटरों में परीक्षाएं आयोजित होंगी।
- लॉकडाउन के दौरान जिन सेंटरों को क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है, उनके निकट के किसी विद्यालय को परीक्षा सेंटर बनाया जाएगा।
- जिन विषयों की परीक्षाएं पूर्व में हो गई हैं उनकी कॉपियों का भी शीघ्र मूल्यांकन होगा। इसके लिए सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया जा चुका है।
- उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा जाएगा। बच्चों के कक्षाओं में जाने से पहले गेट पर ही सैनिटाइज की व्यवस्था होगी।
- सभी बच्चों को मास्क लगाकर परीक्षा देने आना होगा। एक पाली में हाईस्कल और दूसरी पाली में इंटर की परीक्षाएं होंगी।
- पांडेय ने कहा कि परीक्षाएं कराने के लिए एक करोड़ का बजट पास किया गया है।