- देश के 237 शहरों में 615 केंद्रों पर 81 विषयों में 9.42 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
यूजीसी नेट जून 2019 की परीक्षा आज, 20 जून से शुरू हो चुकी है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने इसके लिए देश के 237 शहरों में 615 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। 20 जून से 26 जून तक आयोजित होने वाली कंप्यूटर आधारित यह परीक्षा 10 शिफ्ट और 81 विषयों में होगी। इसमें 9.42 लाख परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा नए पाठ्यक्रम के तहत होगी, जिसमें गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
एनटीए प्रबंधन के मुताबिक, 20, 21, 24, 25, 26 जून तक परीक्षा कराई जाएगी। नकल पर रोक लगाने के लिए प्रति शिफ्ट 3800 जैमर लगाए गए हैं। सभी केंद्रों की सीसीटीवी से एनटीए मुख्यालय से लाइव मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
परीक्षा में पूछे जाएंगे 150 प्रश्न-
- 300 अंकों के दो पेपर होंगे। पेपर एक 100 अंकों का होगा, जिसमें 50 प्रश्न पूछे जाएंगे। पहला पेपर जेनरल होगा। वहीं, पेपर दो 200 अंकों का रहेगा और इसमें 100 प्रश्न आएंगे। दूसरा पेपर अभ्यर्थी द्वारा चुने गए संबंधित विषय का रहेगा। सभी प्रश्नों के उत्तर देना अनिवार्य रहेगा। प्रश्न का उत्तर सही देने पर अंक मिलेंगे, लेकिन गलत उत्तर देने पर अंक नहीं कटेंगे। तीन घंटे की परीक्षा के दौरान कोई ब्रेक नहीं मिलेगा। पहली शिफ्ट सुबह 9.30 बजे से 12.30 बजे तक होगी। जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 2.30 बजे से शुरू होकर शाम 5.30 बजे तक चलेगी।