UGC NET December 2025 Exam: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2025 परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट जारी कर दी है। एजेंसी ने परीक्षा का विषयवार विस्तृत कार्यक्रम (Subject-wise Schedule) आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दिया है। यह परीक्षा 31 दिसंबर 2025 से 7 जनवरी 2026 तक कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। उम्मीदवार अब अपने विषय के अनुसार विषय कोड, विषय का नाम और परीक्षा शिफ्ट का समय आसानी से देख सकते हैं।
अधिसूचना के अनुसार, परीक्षा केंद्र के शहर से संबंधित जानकारी परीक्षा तिथि से लगभग 10 दिन पहले एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
एनटीए द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षा प्रत्येक तिथि पर प्रथम चरण सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय चरण दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक में आयोजित की जाएगी। हालांकि, 31 दिसंबर 2025 को परीक्षा केवल प्रथम चरण में ही आयोजित की जाएगी, जबकि इसके बाद की तिथियों में दोनों चरणों में विभिन्न विषयों की परीक्षाएं संपन्न होंगी।