नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ( NTA ) ने सोमवार को 16 सितंबर से शुरू होने वाली यूजीसी नेट की परीक्षा को स्थगित कर दिया है। अब नेट की परीक्षा 24 सितंबर से शुरू होगी। हालांकि, अभी एनटीए ने परीक्षा का विस्तृत शे़ड्यूल जारी नहीं किया है। गौरतलब है कि इससे पहले नेट की परीक्षा 16 से 18 सितंबर और 21 से 25 सितंबर के बीच होनी थी।
एनटीए का कहना है कि नेट परीक्षा की तारीखें आईसीएआर परीक्षाओं एआईईईए- यूजी/पीजी और एआईसीई-जेआरएफ/एसआरएफ (पीएचडी) 2020-21 परीक्षाओं से टकरा रही थी और कई विद्यार्थियों ने इन दोनों परीक्षाओं के साथ ही नेट की परीक्षा के लिए भी आवेदन किया है, इसी को देखते हुए नेट परीक्षा को फिर से रीशेड्यूल किया गया है। जिसे लेकर विस्तृत संशोधित समय सारणी बाद में जारी की जाएगी।
इसे भी पढ़ें-NEET 2020: जल्द जारी हो सकती है 'आंसर की', जानिए कैसे करना होगा चेक
गौरतलब है कि इस साल वैश्विक कोरोना महामारी की वजह से अन्य प्रवेश परीक्षाओं की ही तरह नेट की परीक्षा में भी विलंब हुआ है। इससे पहले तक आमतौर पर नेट की परीक्षा से पंद्रह दिन पहले प्रवेश पत्र जारी कर दिया जाता था। लेकिन इस साल अभी तक इस परीक्षा को लेकर एनटीए ने प्रवेश पत्र भी जारी नहीं किये हैं और कब तक जारी होंगे इसकी जानकारी भी नहीं दी गई है।यूजीसी- नेट का पहला पेपर 100 नंबर और दूसरा पेपर 200 नंबर का होता है। पहले प्रश्नपत्र में 50 और दूसरे प्रश्नपत्र में 100 अनिवार्य प्रश्न पूछे जाते हैं। दोनों पेपरों के लिए तीन घंटे का समय निर्धारित होता है। हर प्रश्न के सही उत्तर पर अभ्यर्थी को दो नंबर मिलते हैं।