विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन नंबर स्थापित करने का निर्देश दिया है। यूजीसी ने यह निर्देश कोरोना वायरस की वजह से चल रहे लॉकडाउन के दौरान विद्यार्थियों के मनोवैज्ञानिक चिंताओं को दूर करने के लिए दिया है।
लॉकडाउन की वजह से सभी स्कूल, कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थान बंद हैं और कई प्रतियोगी परीक्षाओं को भी स्थगित किया गया है। ऐसे में यूजीसी का कहना है कि विद्यार्थियों को किसी भी तरह की मानसिक परेशानी न हो इसके लिए सभी विश्वविद्यालय और कॉलेज मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन स्थापित करें।
ऐसा करके लॉकडाउन के दौरान विद्यार्थियों को अवसाद से बचाया जा सकता है। यूजीसी ने यह भी कहा है कि इस मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन पर विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों के काउंसर और फैकल्टी सदस्यों द्वारा नियमित निगरानी रखना भी जरूरी है। आपको बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय पहले ही कोविड-19 के दौरान किसी भी तरह के मानसिक परेशानी और समस्या के लिए टॉल फ्री हेल्पलाइन जारी कर चुका है। ये टॉल फ्री हेल्पलाइन नंबर 08046110007 है।