दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए बिजनेस प्लान प्रतियोगिता उड़ान स्टॉर्टअपथॉन आयोजित करने जा रहा है। 31 जनवरी को आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में अमर उजाला मीडिया पार्टनर है।
इस बिजनेस प्लान प्रतियोगिता से व्यवसायियों को कई नई योजनाएं मिल सकती हैं। इस प्रतियोगिता के लिए मंगलवार को टॉप दस प्रतिभागियों का चयन कर लिया गया है। ये प्रतिभागी अपने बिजनेस मॉडल को 31 जनवरी को प्रस्तुत करेंगे।
डीटीयू में उद्यमिता शिखर सम्मेलन- 2020 के दूसरे दिन 31 जनवरी को इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। देशभर के शीर्ष बिजनेस स्कूलों और इंजीनियरिंग संस्थानों के नए उद्यमियों के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में दस टॉप प्रतिभागी डीटीयू के मुख्य परिसर में अपने बिजनेस प्लान को निवेशकों व जजों के पैनल के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
इनमें से तीन विजेताओं का चयन किया जाएगा। स्टॉर्टअपथॉन के विजेता को एक लाख का नकद पुरस्कार व वन प्लस के उत्पाद से पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं अमेजन एडब्ल्यूएस (वेब सर्विस), नॉर्टन (एंटी वॉयरस सिक्योरिटी) प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता के आयोजन के बाद एक नेटवर्किंग डिनर होगा, जहां प्रतिभागियों को डीटीयू के पूर्व छात्रों से बातचीत करने का मौका मिलेगा। बिजनेस प्लान प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से न केवल उन्हें फंड प्राप्त करने का अवसर मिलेगा बल्कि उन्हें सही लोगों से अपने प्लान पर फीडबैक व उनके अनुभव मिलेंगे।