जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा में 'सोशल इनीशिएटिव' और यूथ स्ट्रांग मिशन के तत्वावधान में 'सृजन 2017' के अन्तर्गत 'राष्ट्रीय इंटर स्कूल कॉम्पिटिशन' का
रंगारंग आयोजन हुआ, जिसमें 50 से अधिक विद्यालयों के दो हजार से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि के रूप में श्रीजी बाबा विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं सीबीएसई के जिला कॉर्डिनेटर डॉ. अजय शर्मा, प्रतिकुलपति प्रो. आनंद मोहन अग्रवाल, निदेशक प्रो. अनूप कुमार गुप्ता, कुलसचिव अशोक कुमार सिंह 'यूथ स्ट्रांग मिशन' के अध्यक्ष प्रो.निर्भय मिश्रा ने मां सरस्वती व विश्वविद्यालय के प्रेरणास्रोत स्व. श्रीगणेशीलाल जी अग्रवाल के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण कर किया।
इसके बाद छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी गई तथा गणेश वंदना के साथ नृत्य प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर प्रकाश डालते हुए मुख्य अतिथि डॉ. अजय शर्मा ने कहा कि आज प्रतियोगिता के इस युग में श्रेष्ठता हासिल करने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलत होना काफी उपयोगी है, साथ ही डॉ. शर्मा ने विभिन्न विद्यालयों से आये प्रतिभागियों का मनोबल भी बढ़ाया। इसके बाद प्रतिकुलपति प्रो. आनंद मोहन अग्रवाल ने प्रतियोगिता की शुरुआत की घोषणा की।
दो दिवसीय चले इस कार्यक्रम में दिल्ली, नोएडा, आगरा, फिरोजाबाद, मेरठ, हाथरस, टूंडला, अलीग-सजय, कोसी, पलवल, भरतपुर से आए प्रतिभागियों ने विभिन्न सांस्कृतिक, वैज्ञानिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में शिरकत की।
'सृजन 2017' का आयोजन विश्वविद्यालय के छात्रों के माध्यम से सफल हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के सभी छात्रों ने अपने प्रबंधन, इवेंट मैनेजमेंट एवं कार्य कौशल का सफल प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताएं में सफलता अर्जित की।
इस अवसर पर रिषभ सिंह, रजत सिंह पालीवाल, आशुतोष राय, शास्वत श्रीवास्तव, हिमांशु सिंह, प्रखर सिंह, एवं सतेन्द्र गुप्ता आदि का सहयोग सराहनीय रहा।
ये हुईं प्रतियोगिताएं
'सृजन 2017' कार्यक्रम के अन्तर्गत जिज्ञासा, आलाप, मंथन, दौड़, चैस, संवाद, क्रिकेट, कलाकृति, मेधा, नुक्कड, वॉलीबॉल, टेबिल टेनिस, फुटबॉल, मुद्रा, बास्केट बॉल, बैडमिंटन आदि प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कॉर्डिनेटर रिषभ सिंह ने बताया कि चैस प्रतियोगिता में 14 स्कूलों के 60 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। एथलेटिक्स में बीकेस विद्या मंदिर मथुरा, बैडमिंटन छात्र सोनी एकेडमी भरतपुर, छात्राओं में डीपीएस रिफाइनरी, चैस में एसएस कॉन्वेंट आगरा, फुटबॉल में आर्मी पब्लिक स्कूल मथुरा, वॉलीबॉल में लक्ष्मी पब्लिक स्कूल दिल्ली, अलाप सोलो में ज्ञानदीप शिक्षा भारती मथुरा, ग्रुप में केएमपीएस वृंदावन, नुक्कड़ नाटक में एसएस कॉन्वेंट आगरा, संवाद अंग्रेजी और हिंदी में श्रीजी बाबा सरस्वती स्कूल तथा विभिन्न खेलों में अन्य स्कूल के छात्र विजयी रहे।