त्रिपुरा बोर्ड ने फिर से दसवीं और बारहवीं कक्षा की शेष परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। त्रिपुरा बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (TBSE) ने कोरोना वायरस को देखते हुए दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को फिर से स्थगित करने का फैसला लिया है। बोर्ड की दसवीं और बारहवीं कक्षा की लंबित परीक्षाएं 5 जून से होने वाली थीं। लेकिन अब इन परीक्षाओं को फिर से स्थगित कर दिया गया है। यह दूसरी बार है जब त्रिपुरा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की लंबित परीक्षाओं को स्थगित किया है।
इससे पहले बोर्ड ने दसवीं और बारहवीं कक्षा की शेष परीक्षाओं को 5 से लेकर 11 जून के बीच कराने का फैसला लिया था। लेकिन अब इन परीक्षाओं को फिर से स्थगित करने का फैसला लिया गया है। त्रिपुरा बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन के अध्यक्ष भाबतोष साहा का कहना है कि हमने पहले इन परीक्षाओं को 5 जून से कराने का फैसला लिया था, लेकिन कोविड-19 की वजह से इन परीक्षाओं को फिर से स्थगित किया जा रहा है। गौरतलब है कि इस साल बारहवीं की कक्षा के लिए 27,142 उम्मीदवारों ने दाखिला लिया था, जिसमें से 8,749 उम्मीदवार लंबित पत्रों की परीक्षा देने वाले थे। लेकिन अब इन परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है।
इन छात्रों को 5 जून को संस्कृत और सांख्यिकी की परीक्षा, 6 जून को अर्थशास्त्र, 8 जून को मनोविज्ञान, 9 जून को अरबी और संगीत, 10 जून को भूगोल की, और 11 जून को होम मैनेजमेंट और होम नर्सिंग एंड न्यूट्रिशन की परीक्षा होनी थी। कक्षा 10 के लिए कुल 39,917 उम्मीदवारों में से केवल 309 को ही लंबित परीक्षाओं में शामिल होना था। लेकिन अब ये परीक्षाएं स्थगित हो गई हैं।