तेलंगाना सरकार ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वो इस साल पहली से लेकर दसवीं तक के सभी विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के ही अगली कक्षा में पदोन्नत करें। कोरोना वायरस की वजह से जारी लॉकडाउन को देखते हुए सरकार ने शैक्षणिक वर्ष 2020-21 के लिए बड़े पैमाने पर विद्यार्थियों के पदोन्नति के लिए स्कूल शिक्षा आयुक्त को आदेश जारी किया है।
समाचार एजेंसी एएनआई ने ट्वीट के जरिए इस बात की जानकारी दी है। गौरतलब है कि इस वक्त देश में कोरोना वायरस की वजह से तीसरे चरण का लॉकडाउन चल रहा है जो कि 17 मई तक है। लॉकडाउन की वजह से सभी शैक्षणिक संस्थान बंद हैं और कई प्रतियोगिता परीक्षाओं को भी स्थगित किया गया है। बता दें कि इससे पहले सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों को आदेश दिया था कि वे शैक्षणिक वर्ष 2020-21 के लिए फीस में वृद्धि नहीं करेंगे। अगले आदेश तक स्कूल अभिभावकों से सिर्फ ट्यूशन फीस ही लेंगे।