हमारे देश में एक से बढ़कर एक प्रतिभाएं हैं, जरुरत है तो बस एक सही मार्गदर्शन की। जहां पूरी दुनिया कोरोनावायरस महामारी के खिलाफ एक कठिन लड़ाई लड़ रही है, वहीं तमिलनाडु के एक छात्र ने आपदा को अवसर में बदलने की मिसाल कायम की है। कोयम्बटूर के एक निजी कॉलेज के इंजीनियरिंग के छात्र ने ऐसी बाइक बनाई है, जो बिना पेट्रोल और डीजल के 27 किलोमीटर तक चल सकती है।
यह बाइक देखने में काफी आकर्षक है और आसानी से चलाई जा सकती है। इस वन सीटर बाइक को इलेक्ट्रिक मोटर से सुसज्जित किया गया है, जिसे चार्ज करने में ढाई घंटे लगते हैं। इसके अलावा इसे आसानी से कहीं भी चार्ज किया जा सकता है। बता दें कि इस बाइक की कीमत मात्र 16000 रुपये है। बाइक बनाने वाले छात्र का कहना है कि एक बार चार्ज करने पर बाइक 27 किमी तक चल सकती है और चार्ज करने में बहुत ज्यादा बिजली की खपत भी नहीं है। चार्जिंग सिर्फ 0.6 यूनिट बिजली पर हो जाती है, जिसका खर्च मात्र पांच रुपये ही है।