मैं न्यूयॉर्क में पैदा हुई और यहीं पली-बढ़ी, जहां मेरे माता-पिता 1940 के दशक में चीन से आए थे। मेरी मां संयुक्त राष्ट्र में अनुवादक थीं, जबकि पिता की एक मेडिसिन कंपनी थी। दोनों ने ही मुझे अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। फिगर स्केटिंग और फैशन डिजाइनिंग-ये दो ऐसे क्षेत्र थे, जिनमें मैं बहुत दिलचस्पी लेती थी।
हाई स्कूल में रहते हुए मैंने यूएस फिगर स्केटिंग की डबल्स चैंपियनशिप जीती थी। पर यूएस ओलंपिक्स टीम में अपनी जगह बनाने में मैं सफल नहीं हो पाई। मैं बहुत दुखी थी, क्योंकि मेरा एक सपना टूट गया था। लेकिन फैशन डिजाइनिंग में अपना करियर बनाने का विकल्प मेरे सामने खुला हुआ था।
सारा लॉरेंस कॉलेज से कला इतिहास में ग्रेजुएशन करने के बाद मैं वोग मैगजीन की सबसे कम उम्र की संपादक बन गई। वहां फैशन सेक्शन में सत्तरह साल नौकरी करते हुए मैंने बहुत कुछ सीखा, जो बाद के दिनों में मेरे बहुत काम आया। वोग के बाद अगले दो साल तक मैंने एक दूसरी पत्रिका में काम किया।