JEE Mains Success Story: एनटीए ने जईई मेन्स 2023 जनवरी सेशन का रिजल्ट जारी कर दिया है। जिसके बाद से ही छात्रों में खुशी है। लेकिन यूपी के एक परिवार में इस खुशी का माहौल दोगुना है। दरअसल इस घर में रहने वाले दो जुड़वा भाइयों ने एक साथ ही जेईई मेन्स की परीक्षा में टॉप किया है।
हापुड़ के संजय विहार कॉलोनी में रहने वाले निपुण और निकुंज गोयल दोनों जुड़वा भाई हैं। दोनों ने एक साथ ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित जेईई मेन्स परीक्षा में टॉप किया है। जहां निपुण गोयल ने 100 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं तो वहीं निकुंज गोयल ने 99.99 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप किया है।
दोनों भाई मेरठ रोड स्थित बीआर इंटरनेशनल स्कूल में इंटरमीडिएट के छात्र हैं। दोनों इस बार की बोर्ड परीक्षा में भी शामिल होंगे। दोनों की सफलता पर परिवार में खुशी है।
हाईस्कूल की परीक्षा में किया था टॉप
दोनों भाई शुरू से ही मेधावी रहे हैं। दो साल पहले सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में भी दोनों ने टॉप किया था। निपुण ने जहां 100 प्रतिशत तो निकुंज ने 99.88 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे।
दोनों भाइयों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और फैकल्टी को दिया है। दोनों भाइयों के स्कूल प्रिंसिपल ने कहा कि दोनों भाई पढ़ने में बहुत होशियार हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के छात्रों से जनपद का नाम रोशन होता है।