SSC CGL Answer Key: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने CGL टियर-I उत्तर कुंजी 2025 पर आपत्तियां दर्ज करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब उम्मीदवार 21 अक्तूबर 2025 सुबह 11 बजे तक अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं, जबकि पहले यह अंतिम तिथि 19 अक्तूबर 2025 रात 9 बजे निर्धारित थी। आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर इस संबंध में नया नोटिस जारी किया गया है।
एसएससी ने अपने नोटिस में कहा है, "यह निर्णय लिया गया है कि इस सुविधा की अंतिम तिथि को 19.10.2025 (09:00 PM) से बढ़ाकर 21.10.2025 (11:00 AM) तक किया जाए। दिनांक 16.10.2025 के नोटिस में उल्लिखित अन्य सभी शर्तें यथावत रहेंगी।"
एसएससी सीजीएल टियर-I परीक्षा का आयोजन देशभर में 12 सितंबर से 26 सितंबर 2025 तक विभिन्न शिफ्टों में किया गया था, जबकि एक अतिरिक्त सत्र 14 अक्तूबर 2025 को संपन्न हुआ। आयोग ने अस्थायी उत्तर कुंजी 16 अक्तूबर 2025 को जारी की थी।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद या आधिकारिक पोर्टल के अलावा किसी अन्य माध्यम से भेजी गई आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। सभी आपत्तियों की जांच के बाद आयोग अंतिम उत्तर कुंजी जारी करेगा और इसके बाद टियर-I परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा।