SOL Admission: दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL) और नॉन कॉलिजिऐट वूमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) के तीसरे वर्ष के विद्यार्थी अब चौथे वर्ष (चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम) की पढ़ाई कर सकेंगे। दरअसल अब चार वर्षीय स्नातक प्रोग्राम को एसओएल व एनसीवेब में आधिकारिक रूप से लागू किया जा रहा है। इसे हाल ही में हुई अकादमिक काउंसिल से स्वीकृति मिल गई है।
चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम एफवाईयूपी संरचना के अंतर्गत छात्रों को पहले वर्ष के बाद स्नातक प्रमाणपत्र दूसरे वर्ष के बाद डिप्लोमा, तीसरे वर्ष के बाद स्नातक की डिग्री मिलती है। वे चौथे वर्ष के बाद ऑनर्स के साथ स्नातक की डिग्री या शोध के साथ ऑनर्स की डिग्री के लिए पात्र होते हैं बशर्ते कि वे शोध घटक को पूरा करना चुनते हैं। अब 23 मई को होने वाली कार्यकारी परिषद की बैठक से मंजूरी मिलने के बाद इसे डिस्टेंस एजुकेशन बोर्ड के पास भेजा जाएगा।
एसओएल में स्नातक स्तर और स्नातकोत्तर स्तर के 19 कोर्स चलते हैं। हर साल यहां करीब 1.20 लाख छात्र दाखिला लेते हैं। अब जब छात्रों को चौथे वर्ष में प्रवेश करने के बाद ऑनर्स की डिग्री दी जाएगी। उन्हें ऑनर्स विद रिसर्च की डिग्री मिलेगी।