SOL Admission 2025: दिल्ली विश्वविद्यालय का स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक प्रोग्राम में दाखिले के लिए प्रक्रिया में बदलाव करने जा रहा है। इस बार की दाखिला प्रक्रिया दो हिस्सों में बंटी होगी। इसमें पहले पंजीकरण और फिर दाखिला होगा। बारहवीं का रिजल्ट जारी होने के बाद पंजीकरण को शुरू कर दिया जाएगा।
पंजीकरण के आधार पर आवेदक को यह पता चल जाएगा कि व किस प्रोग्राम में दाखिला लेने के योग्य है। यह एक तरह से ऑनलाइन काउंसलिंग के समान ही होगा। यह व्यवस्था भी पहली बार ही होगी। एसओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि इस बार एसओएल में दाखिला थोड़ा अलग तरह से होगा।
प्रक्रिया को आसान बनाने का प्रयास
प्रो. मागो के अनुसार पहले आवेदक को पंजीकरण करना होगा फिर दाखिला होगा। पंजीकरण में हम छात्र की बेसिक जानकारी लेंगे। अब तक पंजीकरण व दाखिला साथ-साथ ही हो जाता था। दाखिला व पंजीकरण एक साथ होने के कारण उम्मीदवारों को एक लंबा फॉर्म भरना पड़ता था। इस कारण उन्हें उसे भरने में समय भी अधिक लगता था। इस बार प्रक्रिया को आसान बनाने का प्रयास किया गया है। नियमित कॉलेजों के लिए दाखिला प्रक्रिया लगभग ऐसी ही होती है। पहले पंजीकरण करना होता है फिर दाखिला फॉर्म भर कर दाखिला लेना होता है।
पंजीकरण करने पर पता चलेगा कि क्या पढ़ना है
प्रो. मागो ने बताया कि इस बार जब उम्मीदवार एसओएल में दाखिला लेने के लिए पंजीकरण करेगा तो उसे पता चल जाएगा कि वह कौन-कौन से प्रोग्राम में दाखिले के योग्य है। यह व्यवस्था भी पहली बार ही होगी। इसी तरह से उसे यह पता चल जाएगा कि उसे छ: सेमेस्टर (तीन साल) में क्या-क्या पढना है।
दाखिला प्रक्रिया जून में शुरू होगी
एसओएल में स्नातक स्तर पर बीए पास, बीए पॉलिटिक्ल साइंस ऑनर्स, बीकॉम प्रोग्राम, बीकॉम ऑनर्स, बीए अंग्रेजी ऑनर्स, बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स, बीबीए फाइनेंशियल इनवेसटमेंट एनॉलिसिस, बैचर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, बीए कंप्यूटर एप्लिकेशन, बीए ऑनर्स साइकोलॉजी में दाखिला लिया जा सकता है। इस बार भी बीते साल की तरह ही दाखिला प्रक्रिया जून में शुरु होगी, लेकिन पंजीकरण 12वीं के रिजल्ट जारी होने के बाद शुरू कर दिया जाएगा।